राजस्थान के मुद्दे पर कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, किया राजभवन कूच

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आज कांग्रेसियों ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार को गिराने की कोशिशों का विरोध करते हुए काले छातों के साथ राजभवन कूच किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आदि तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्र हुए। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये प्रीतम सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार व बीजेपी पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि 2014 में जब से केंद्र में मोदी सरकार सत्तारूढ़ हुई है,तब से देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट भ्रष्ट करने, चुनी हुई सरकारों को गिराने, विधायकों की खरीद फरोख्त करने जैसे अनैतिक व लोकतंत्र विरोधी काम मोदी सरकार के संरक्षण में खुले आम बेशर्मी से हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गोवा,अरुणाचल, कर्नाटक से लेकर मध्यप्रदेश में जिस प्रकार से कांग्रेस की सरकारें न बनने देने व बनी हुई सरकारों को खरीद फरोख्त कर गिराने व फिर वहां बीजेपी सरकारें बनाने का काम किया गया वह सीधे लोकतंत्र की आत्मा पर चोट करने के समान है। प्रीतम सिंह ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार को गिराने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत लगाई हुई है।उसका प्रत्यक्ष प्रमाण यह है कि कांग्रेस के नाराज विधायकों की आवभगत हरियाणा में खट्टर सरकार कर रही है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विधानसभा सत्र बुलाने के आग्रह पर राज्यपाल केंद्र सरकार के दबाव में निर्णय नहीं कर रहे हैं जो सीधे सीधे संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन है।इसके साथ ही उन्होनें कहा कि अब देश में कांग्रेस कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेगा और सड़कों पर उतर कर लोकतंत्र की रक्षा करेगा। उन्होंने उत्तराखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लंबी लड़ाई के लिए कमर कसने के आह्वान किया।