भाजपा प्रत्याशी भट्ट ने मतदाताओं का जताया आभार

रूद्रपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नैनीताल उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाले मतदाताओं का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। 

अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश में ंहुआ शांतिपूर्ण मतदान लोकतंत्र की मजबूती व परिपक्वता का प्रमाण है। मतदाताओं ने मतदान के लिए जिस उत्साह का परिचय दिया, वह उल्लेखनीय है। श्री भट्ट ने कहा कि इस चुनाव में जनता ने उन्हें दिल खोलकर अपना प्यार और स्नेह दिया जिसके लिए वह हमेशा जनता के आभारी रहेंगे। कहा कि यह चुनाव मैदान उनके लिए एकदम नया था नैनीताल जनपद के साथ साथ तराई की जनता ने भी उन्हें अपना भरपूर प्यार दिया है। इस मत रूपी ऋण को वह इस क्षेत्र में विकास करके चुकायेंगे। श्री भट्ट ने कहा कि चुनाव के दौरान पूरे संसदीय क्षेत्र में जिस तरह से पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिलो जान से दिन रात कड़ी मेहनत की उसी के परिणाम स्वरूप कल मतदान वाले दिन जनता ने भाजपा को अपना भारी समर्थन देकर पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत बनाने का काम किया है। श्री भट्ट ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ चुनाव नहीं बल्कि देश के मान सम्मान का चुनाव है इसमें जनता ने राष्ट्र हित के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। श्री भट्ट ने दावा किया लोकसभा चुनाव में इस बार भी प्रदेश की पांचों सीटों पर भाजपा का परचम लहरायेगा। उन्होंने कहा कि नैनीताल उधम सिंह नगर सीट पर जिस तरह से पीएम नरेंद्र मोदी का जादू चला है उससे इस सीट पर उनकी जीत रिकार्ड मतों से होगी। श्री भट्ट ने सभी मतदाताओं के साथ ही मीडिया एवं चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों व पुलिस बल की उनके योगदान के लिए प्रशंसा की और कहा कि उनके अथक परिश्रम से मतदान तक की प्रक्रिया सफलता के साथ सम्पन्न हो सकी। उन्होंने कहा कि परिणाम घोषणा के बाद इस क्षेत्र के विकास के लिए वह कोई कमी नहीं आने देंगे।