बीजेपी कार्यालय पर फरियादियों की भीड़

जन समस्याओं के निस्तारण को लेकर एक बार फिर से बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में जनता दरबार शुरू हो गया है। समय-समय पर प्रदेश के मंत्री बीजेपी मुख्यालय में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कुछ दिन पहले ही प्रदेश के मंत्रियों को जनता से सीधे कनेक्ट रहने और जनता की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए थे। सीएम के निर्देश के बाद प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डेय ने जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता हटने के बाद पहली बार आयोजित हुए जनता दरबार के दौरान 100 से ज्यादा फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुचे। करीब दो घण्टे तक चले मंत्री के जनता दरबार में शिक्षा महकमे के शिक्षको के ट्रांसफर पोस्टिंग के मामले ज्यादा सामने आए।कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि जिन फरियादियों ने अपनी समस्याओं के निदान के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था जनता दर्शन कार्यक्रम उन सभी की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया गया। इसके लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दे दिए गए।