बड़ी खबर- भालू ने किया दो महिलाओं को घायल

कोरोना वायरस संक्रमण के चलते नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों की दिनचर्या बदल गई है। इस दौरान लॉक डाउन के चलते लोग अपने रोजमर्रा के कामकाज जल्द निपटाने के लिए सामाजिक दूरी को अपनाते हुए सजग है। साथ ही इस दौरान जंगली जानवरों का रूख आबादी की ओर होने से खतरा बना हुआ है। चमोली और पौड़ी गढ़वाल में भालू के हमले से दो महिलाएं घायल हो गईं।

चमोली जनपद की तहसील कर्णप्रयाग के बैनोली गांव में जंगल से घास लेने गई महिला पर भालू ने हमला कर दिया। इससे महिला घायल हो गई। घायल को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कर्णप्रयाग भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर राजस्व उपनिरीक्षक देवेन्द्र कंडारी एवं वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।जानकारी के अनुसार बैनोली निवासी शशि देवी सीमा से लगे जंगल से घास लेकर वापस लौट रही थी। तभी घात लगाए भालू ने उस पर हमला कर दिया। साथ मौजूद महिलाएं घायल को लेकर गांव पहुंची और क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह कंडारी को सूचना दी। घायल महिला को निजी वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कर्णप्रयाग पहुंचाया गया।