पदयात्रा के समर्थन में अनशन पर बैठी यूथ कांग्रेस

जिला मुख्यालय के महानगर रुद्रपुर शहर की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस जिला महासचिव सुशील गाबा की पदयात्रा मुहिम के समर्थन में यूथ कांग्रेस आगे आई है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह प्रिंस और जिला अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सांकेतिक अनशन पर बैठकर अपना समर्थन दिया। उन्होंने अनशन से पहले गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पदयात्रा कर रहे सुशील गाबा और जिला उपाध्यक्ष ओंकार सिंह ढिल्लन का माल्यार्पण कर स्वागत किया। गुरप्रीत सिंह ने कहा कि आज बदहाल सड़कों को लेकर रुद्रपुर में शुरू हुआ सुशील का गांधीवादी सत्याग्रह पदयात्रा आंदोलन पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन गया है। भारी गर्मी, कोरोना जैसी महामारी के खतरे के बावजूद जिस प्रकार सुशील गाबा और ओंकार सिंह ढिल्लन रोजाना कई कई घंटे पैदल चलकर सड़क निर्माण की जंग लड़ रहे हैं वो कांग्रेस की समृद्ध आंदोलन परंपरा का ही अंग है। आज पूरे प्रदेश में हर जगह विकास ठप है और सड़कें नहीं बन रही हैं। आम आदमी मूलभूत सुविधाओं तक से महरूम है। इस समय चल रही पदयात्रा ने प्रदेश के युवाओं को एक नई राह दिखा डाली है। वहां नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मोनू निषाद, युंका विधानसभा अध्यक्ष विजय मण्डल, तरन बिंद्रा, चंद्रशेखर डब्लू, हसीब, अकरम खान, गौतम घरामी, राज चक्रवर्ती आदि मौजूद थे। इधर शुक्रवार को सुशील और ओंकार ने वार्ड नम्बर चार में पदयात्रा की।