चुनावी जनसभा में बोले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरों की भूमि है उत्तराखंड

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को उत्तरकाशी रामलीला मैदान में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भारत माता के जयकारों के साथ जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा फक्र है, जब भाजपा के हाथ में सत्ता थी तो, अटलजी ने ही उत्तराखंड निर्माण का काम किया। 

हमने कहा था कि अटलजी ने बनाया, मोदीजी उत्तराखंड को संवारेंगे। हमें डबल इंजन की सरकार दें। उत्तराखंड की जनता ने भी हमें प्रचंड बहुमत दिया। इसी के कारण देवभूमि विकास की के रास्ते पर चल पड़ी है। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विकास के रास्ते में अग्रसर है। एनएच घोटाला, ट्रांसफर पोस्टिंग के उद्योग पर उत्तराखंड की त्रिवेंद्र सरकार ने ताला लगाया है। सिंचाई परियोजना को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा उत्तराखंड   वीरों की भूमि है। यहां का जवान देश की रक्षा करता है। 55 साल से कांग्रेस पार्टी वन रैंक-वन पेंशन की मांग पूरी नहीं कर पाई। आपने आशीर्वाद दिया और देश में कमल खिला। जिसके बाद मोदीजी ने एक साल में वन रैंक-वन पेंशन का वादा पूरा किया।

बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह  दोपहर 12 बजे आईटीबीपी मातली हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से वह रैली स्थल रामलीला मैदान के लिए रवाना हुए। करीब 15 मिनट बाद शाह रैली स्थल पर पहुंचे। मंच पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, टिहरी सीट सांसद प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित कई बड़े भाजपा नेता मौजूद रहे। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अमित शाह का स्वागत किया। 

मंच पर पहुंचने के बाद भाजपा नेताओं ने अमित शाह का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। उन्होंने चुनावी जनसभा के दौरान शाह ने कांग्रेस के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने फिर गरीबी हटाने का नारा दिया है। 70 साल से कांग्रेस गरीबी नहीं हटा पाई। कहा कि देश को सुरक्षित करना, महाशक्ति बनाना और टॉप फाइव देशों में लाना राहुल राहुल गांधी का काम नहीं है। ये काम सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं।यह राहुल बाबा का काम नहीं है, ये काम सिर्फ मोदीजी का है।