गरीब व असहाय लोगों की मददगार बनी रामनगर पुलिस।

कोरोना महामारी से बचाव व रोकथाम के लिए भारत सरकार द्वारा 3 मई तक लॉकडाउन घोषित किया गया है। लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए पुलिस दिन रात ड्यूटी कर कोरोना से जंग में योद्धा बनकर डटी है। लॉकडाउन के समय में देश में पुलिस का दूसरा रूप भी देखने को मिला है, पुलिस कई मौकों पर जरूरतमंदों के लिए देवदूत बनकर सामने आई है।


उत्तराखंड में भी पुलिस मानवता की मिशाल पेश करते हुए जरूरत मदों को आवश्यक सामग्री पहुंचाने के साथ ही गरीब व बेसहारा लोगों को खाना भी खिला रही है।


रामनगर कोतवाली पुलिस भी लॉकडाउन के दौरान गरीब व बेसहारा लोगों के लिए मददगार बन रही है।लॉक डाउन से प्रभावित गरीबों की मदद के लिए कोतवाली पुलिस जन सहयोग से लोगों की मदद कर उन्हें राशन उपलब्ध करा रही है। पुलिस की इस कार्यशैली की समाज में भी जमकर तारीफ हो रही है, वहीं राशन मिलने के बाद गरीब और बेसहारा लोग भी पुलिस का धन्यवाद अदा कर रहे हैं।


कोतवाली रामनगर के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी ने बताया कि लॉकडाउन के पालन कराने को लेकर लगातार पुलिस जनता से सहयोग की अपील कर रही है, तो साथ ही लोगों को जागरूक कर रही है। कोरोना से ना डरने की बात कहकर जनता से सतर्क रहने की भी अपील लगातार कर रही है। उनका कहना है कि जनता लॉकडाउन का पालन करें तथा अपने आस पास आने वाले बाहरी लोगों की सूचना पुलिस को दें।



कोतवाल सैनी ने बताया कि लॉकडाउन के कारण गरीब और निर्धन लोग रोजी-रोटी को लेकर परेशान है। ऐसे में इन लोगों की मदद कई संगठनों द्वारा की जा रही है। इसी के तहत पुलिस ने भी इन लोगों को राशन उपलब्ध कराकर उनकी मदद करने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि जनता द्वारा मिले सहयोग से चौकी मालधन, गर्जिया, ढेला, पीरुमदारा क्षेत्र में रहने वाले करीब 500 गरीब व बेसहारा लोगों को पुलिस द्वारा राशन उपलब्ध कराया जा चुका है।  उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में भी इस प्रकार के अहसाय लोग मिलते हैं, तो उन्हें भी राशन उपलब्ध कराया जाएगा।