एलाइंस सिटी वन कालोनी में तेंदुए दिखने से लोगों में दहशत

भूरारानी स्थित एलाइंस सिटी वन कालोनी में एक साथ तीन तेंदुए दिखने से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना के बाद वन विभाग ने गश्त के साथ ही सुरक्षा बढ़ा दी है। इससे पहले रामपुर बोर्डर से सटी एक कॉलोनी में तीन तेंदुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। बीते बुधवार की देर शाम एक तेंदुआ कॉलोनी के ए ब्लॉक में स्थित घर के बाहर घूमते देखे गए थे। इससे पूर्व भी सुरक्षा गार्ड और एक व्यक्ति ने भी कॉलोनी में तेंदुए को देखा था। कॉलोनी वासियों की सूचना पर पांच जून को वन कर्मी कॉलोनी में पहुंचे थे। उन्होंने गश्त करने के साथ ही जल्द पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया था। कॉलोनी के रहने वाले अंकुर राय ने बताया कि रविवार की देर शाम बी ब्लॉक में रहने वाले शमशेर सिंह के घर के सामने तीन गुलदार एकसाथ चहलकदमी करते हुए दिखे हैं। इससे लोगों में दहशत बढ़ गई। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में करीब 400 परिवार रहते है। कॉलोनी से सटी सामिया लेक सिटी, शारदा कॉलोनी, भूरारानी और छतरपुर में भी खतरा हो सकता है। उनका कहना है कि शुक्रवार को वन विभाग की टीम को भी बुलाया गया था, लेकिन वो केवल आश्वासन देकर चले गए थे। वन विभाग के डिप्टी रेंजर प्रमोद त्रिपाठी ने बताया कि तेंदुआ मिलने की सूचना मिलते ही गश्त शुरु कर दी है। लोगों से रात को बाहर नहीं जाने की अपील की जा रही है।