उत्तराखंड पर आसमानी आफत, एक किशोरी की मौत, अगले 72 घंटे इन जिलों में अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम लगातार आफत बरसा रहा है। इस बीच एक और बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। बदरीनाथ हाईवे पर अलग अलग जगहों पर मलबा आने से यात्रा बाधित हो गई है। इस वजह से यात्रियों को ऐहतियात बदरीनाथ, जोशीमठ और पांडुकेश्‍वर में ही रोक लिया गया है। इसके साथ ही उत्तरकाशी जिले में भारी बारिश हो रही है। इस वजह से यमुनोत्री हाईवे पूरी तरह से बाधित है। इसके साथ ही रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ हाईवे पर रात में मलबा आ गया। इस वजह से ये मार्ग भी बाधित हो गया और यात्रा फिलहाल रोकी गई है। इस बारिश की वजह से जगह जगह यात्री रुके हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने एक बार फिर से उत्तराखंड के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के लिए अगले 72 घंटे बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। इस बार रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। 

बताया गया है कि इन दो जिलों में इस बार भारी बारिश हो सकती है। लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा कुमाऊं में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। बारिश की वजह से चारधाम यात्रा मार्ग बंद किए गए हैं। इसके साथ ही बागेश्वर जिले की बात करें तो यहां भूस्खलन से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक किशोरी की मौत हो गई। इसके बाद तो इलाके में हड़कंप मच गया। उधर पिथौरागढ़ में टनकपुर-तवाघाट हाईवे बंद हो गया है। इस वजह से यात्रियों का एक दल रास्ते में फंस गया है। मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून, पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार जिलों में भी मानसून आने की संभावना पूरी है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून पूरे राज्य में पसर चुका है। मौसम विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। उधर कुमाऊं में भी पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों में मलबा आने से 6 मार्ग बंद हैं।कुल मिलाकर कहें तो उत्तराखंड में आसमानी आफत लगातार बरस रही है। ऐसे में सावधान जरूर रहें। कई जगहों पर बादल फटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। भूस्खलन की वजह से कहीं कई रास्ते भी बद हो गए हैं।