अगले हफ्ते रहेगी कड़ी गर्मी मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रही गर्मी में और इजाफा हो सकता है। ऐसा मौसम विभाग का कहना है। इसको लेकर विभाग के द्वारा अलर्ट भी जारी किया गया है। यदि मौसम विज्ञानियों की मानें तो प्रदेश में अगले एक हफ्ते सूरज आग उगलने को तैयार है। ज्यादातर क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री तक ज्यादा हो सकता है। 10 अप्रैल तक यह स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार अगले कुछ दिन तक प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार है। अभी तक राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री तक अधिक है। इसमें दो से चार डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है। इससे कुल अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री तक अधिक हो सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार अगले करीब एक सप्ताह तक यह स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान पांच, छह व सात अप्रैल को कुछ इलाकों में बेहद हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि इसकी संभावना बेहद कम है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 10 अप्रैल तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अभी तापमान सामान्य के करीब या दो डिग्री तक अधिक है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में तापमान काफी अधिक बढ़ने के आसार हैं।
प्रदेश में तापमान में बढ़ोत्तरी होने से चुनाव प्रचार में जुटे प्रत्याशियों, उनके समर्थकों और प्रचारकों को पसीना बहाना पड़ सकता है। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में जहां प्रचार के लिए पैदल सफर तय करना पड़ता है, वहां बढ़ती गर्मी राजनेताओं की परीक्षा लेगी। अगले कुछ दिनों में प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं के पहुंचने का कार्यक्रम है। ऐसे में गर्मी का सितम सूरज की तपिश में झुलसने को विवश कर सकता है।