उत्तराखण्डः बेटी होने पर महिला से हिंसा! पीड़िता ने पति और ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप, बोली- पेचकस और हथौड़े से की मारपीट

काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से एक हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है, यहां एक महिला ने अपने पति और ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उसके पति और ससुराल के लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिसका वीडियो भी सामने आया है। महिला का कहना है कि उसका कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने एक बेटी को जन्म दिया, जो उसका पति और ससुराल वाले नहीं चाहते हैं। मामले में पीड़ित महिला के पिता ने तहरीर सौंपी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर के अनुसार जसपुर के रहने वाले जरनैल सिंह ने करीब 2.5 साल पहले अपनी बेटी की शादी काशीपुर के रहने वाले युवक से की थी। महिला की एक डेढ़ साल की बेटी भी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया था। कुछ दिनों पहले ही योगेश ने अपनी पत्नी और डेढ़ साल की बेटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। तब से महिला अपनी बेटी के साथ पिता के घर पर ही रह रही थी। आरोप है कि बीती 29 मार्च को आरोपित ने अपनी पत्नी हरजिंदर कौर को फोन किया और कहा कि यदि वो अपना सामान नहीं ले गई तो सारा सामान बेच देगा। इसके बाद महिला अपने 14 साल के भाई के साथ योगेश कुमार के पास सामान लेने गई। घर पहुंचने के बाद आरोपित उसे जबरदस्ती कमरे में ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद आरोपित ने पेचकस और हथौड़े से पत्नी पर जानलेवा हमला किया, जिससे महिला लहूलुहान हो गई। फिलहाल महिला का हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।
महिला ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2022 में हुई थी। शादी के तीन महीने बाद ही उसके ससुराल वालों ने उससे दहेज की मांग शुरू कर दी थी। बेटी के जन्म देने के बाद तो टॉर्चर और बढ़ गया था। ससुराल वालों ने यहां तक कह दिया था कि यदि उसको तलाक चाहिए तो कोर्ट का खर्च भी उसे ही देना पड़ेगा। महिला का आरोप है कि उसके पति ने 29 मार्च को बहाने से उसे घर बुलाया और फिर पेचकस ओर हथौड़ी से उस पर कई वार किए। आसपास के लोग महिला का शोर सुनकर उसके घर आए और उन्होंने ही दरवाजा तोड़कर उसकी जान बचाई। महिला का कहना है कि पुलिस ने अभी तक उसके पति को गिरफ्तार नहीं किया है।