उत्तराखण्डः राजधानी दून में दर्दनाक हादसा! सवारियों से भरे वाहन में गिरा विशालकाय पेड़, एक की मौत

Uttarakhand: Tragic accident in the capital Doon! A huge tree fell on a vehicle full of passengers, one died

देहरादून। उत्तराखण्ड में कई जगहों पर लगातार बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन भी अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में कई जगहों पर बारिश के चलते लोगों की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। राजधानी देहरादून में वन अनुसंधान संस्थान के सामने पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक देहरादून से चकराता जाने वाले नेशनल हाईवे 707ए पर एफआरआई के सामने सवारियों से भरी मैक्स यूके 09 ए 0433 के ऊपर विशालकाय पेड़ गिर गया। मैक्स उत्तरकाशी जिले के नौगांव क्षेत्र की बताई जा रही है। वहीं घटना के समय घटनास्थल पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना मौजूद थे। जिन्होंने घटना की जानकारी दी। सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि एफआरआई के निकट बारिश के बीच जीप में प्रेमनगर की ओर जाते समय पेड़ गिर गया। उन्होंने बताया कि पुलिस और फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर वाहन और पेड़ को सड़क से हटाया है। वाहन में बैठी सवारियों में एक की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि वाहन का ड्राइवर हादसे में बाल-बाल बच गया। सूर्यकांत धस्माना का कहना है कि पेड़ गिरने से वाहन को भी क्षति पहुंची है। वाहन चालक सवारियां लेकर विकासनगर से होते हुए नौगांव की ओर जा रहा था। तभी पेड़ गिरने से यह दुखद हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर मौजूद पेड़ काफी पुराने और जर्जर हो गए हैं। जिनके कटान और छंटाई को लेकर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।