उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः चमोली जिला आबकारी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी लापता! राजस्व उप निरीक्षक ने सौंपी तहरीर, सीएम को लिखा पत्र भी आया सामने

Uttarakhand Breaking: Chamoli District Excise Officer Dugeshwar Tripathi missing! Revenue Sub-Inspector submitted a complaint, a letter written to the CM also surfaced

देहरादून। उत्तराखण्ड के चमोली में नौकरशाही विवाद के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। खबरों के मुताबिक चमोली के जिला आबकारी अधिकारी दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी लापता हो गए हैं। इसको लेकर पपडियाणा के राजस्व उप निरीक्षक चंद सिंह बटोला ने गोपेश्वर थाने में गुमशुदगी की तहरीर सौंपी है। तहरीर में कहा गया है कि दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी 31 मार्च से लापता हैं। बता दें कि चमोली में तैनात ज़िला आबकारी अधिकारी का मुख्यमंत्री के नाम एक पत्र सामने आया है, जिसमें उन्होंने जिलाधिकारी चमोली पर उनके साथ अभद्रता और उनका करियर बर्बाद करने का आरोप लगाया है। इस पत्र पर भी 31 मार्च 2025 की तारीख लिखी गयी है। इस बीच खबर सामने आई है कि जिला आबकारी अधिकारी दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी 31 मार्च से ही लापता हैं। ऐसे में उनके परिजनों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। राजस्व उप निरीक्षक चंद सिंह बुटोला ने अपनी तहरीर में बताया कि उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के क्रम में दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी (जिला आबकारी अधिकारी चमोली) निवासी राजकीय आवास कुड कॉलोनी गोपेश्वर 31 मार्च सुबह 10 बजे से संपर्क से बाहर हैं। राजस्व उप निरीक्षक चंद सिंह बुटोला के मुताबिक प्राथमिक जांच पड़ताल में सामने आया कि दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी अपने आवास और जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय से भी नदारद हैं। खाफी खोजबीन के बाद भी दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी का कुछ पता नहीं चल पा रहा है, इसीलिए दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी की गुमशुदगी दर्ज करते हुए उनकी ढूंढ खोज की जाए। इधर पुलिस ने भी गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।