पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर! दिलकश हुआ नजारा, नए साल पर सैलानियों को बर्फबारी का अनमोल तोहफा

उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड में मौसम का मिजाज बदला-बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर जारी है। इस बीच ऊंचाई वाले इलाकों में खासी बर्फबारी हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। शुक्रवार शाम से ही शीतलहर चल रही है। इधर स्नोफॉल से उत्तराखंड की खूबसूरती में चार चांद लग गए हैं। सैलानी भी बर्फबारी का मजा लेते दिख रहे हैं। इन दिनों ट्रैकिंग करने वालों की संख्या ज्यादा देखने को मिल रही है। गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, धराली, मुखबा, जानकी चट्टी, खरसाली, हरकिदून, केदारकांठा ओसला, गंगाड़, फिताड़ी, लिवाड़ी, संकारी, जैसी जगहों पर जमकर बर्फबारी हो रही है। शुक्रवार से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से रोमांच लौटना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 27 और 28 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश के रूप में दिखाई देगा। यूं तो देशभर से सैलानी नए साल का जश्न मनाने उत्तराखंड पहुंचते हैं और इस बार उन्हें बर्फबारी का अनमोल तोहफा मिल चुका है। बर्फ से ढके पहाड़, चारों ओर सफेदी और ठंडी हवाएं, यह दृश्य किसी फिल्मी सीन से कम नहीं होगा। काश्तकार गजेंद्र सिंह ने बताया कि बर्फबारी वरदान बनकर बरसी है। लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे किसान-बागवानों ने राहत की सांस ली है। जनपद करीब 3 महीने से सूखा चल रहा था। हालांकि दिसंबर को भी हल्की बर्फबारी देखने को मिली थी। लेकिन वह पर्याप्त नहीं थी। सोमवार और शुक्रवार से बर्फबारी अच्छी मात्रा में हुई है, जो अधिक समय तक जमी रहने की संभावना है। इसके अलावा नए वर्ष के आसपास भी एक बार फिर बर्फबारी की संभावना जताई गई है।