दिल्ली। भारतीय राजनीति के दो सबसे बड़े और प्रभावशाली चेहरों के बीच के संबंधों की परतें अब खुद कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी बहुप्रतीक्षित संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में खोल दी हैं। हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक इस बात पर रोशनी डालती है कि कैसे पिछले 12 वर्षों से देश की सत्ता के शीर्ष पर काबिज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस की दिग्गज नेत्री के बीच के रिश्ते केवल औपचारिक अभिवादन तक ही सीमित रहे हैं।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंधों को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं। अपनी बहुप्रतीक्षित संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में सोनिया गांधी ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके बीच कभी वास्तविक बातचीत नहीं हुई। उन्होंने यहां तक लिखा है कि जब भी दोनों आमने-सामने आते हैं तो प्रधानमंत्री उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। सोनिया के मुताबिक, दोनों के बीच संवाद की स्थिति इतनी सीमित रही है कि मुलाकातों के दौरान केवल औपचारिक अभिवादन तक ही बातचीत सिमटकर रह जाती है। हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित यह पुस्तक मंगलवार को बाजार में आई है। इसमें सोनिया गांधी ने अपने जीवन, राजनीतिक सफर, पारिवारिक अनुभवों और भारतीय राजनीति से जुड़े कई पहलुओं पर विचार व्यक्त किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा है कि मोदी 12 वर्षों से अधिक समय से देश के प्रधानमंत्री हैं और उनका तीसरा कार्यकाल चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच कभी कोई सार्थक बातचीत नहीं हुई। सोनिया गांधी ने संसद के प्रत्येक सत्र के बाद लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में होने वाली राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं की मुलाकातों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि इन अवसरों पर भी प्रधानमंत्री मोदी और उनके बीच केवल औपचारिक बातचीत होती है। हालांकि, कुछ मौकों पर स्वास्थ्य संबंधी उपचार के बाद संसद लौटने पर प्रधानमंत्री ने उनका हालचाल पूछा था। इस दौरान मोदी ने उनसे पूछा, 'ठीक हैं आप?' जिस पर सोनिया ने जवाब दिया, 'जी, अब मैं ठीक हूं, शुक्रिया।' इसके अलावा जन्मदिन और नववर्ष पर औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान भी होता रहा है। पुस्तक में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और अपने बीच वैचारिक मतभेदों को भी विस्तार से सामने रखा है। उन्होंने कहा कि दोनों भारत को अलग-अलग नजरिये से देखते हैं। उनके अनुसार, उनका भारत जाति, भाषा, संस्कृति और धर्म की विविधता को स्वीकार करने वाला देश है, जहां सभी नागरिकों को स्वतंत्रता और समानता का अधिकार मिलना चाहिए। वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की विचारधारा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारों और उनके व्यक्तिगत अनुभवों से प्रभावित बताया है। सोनिया गांधी ने लिखा कि वह ऐसे भारत की पक्षधर हैं, जहां समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता मिले तथा किसी भी तरह के वर्चस्व को स्वीकार न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनका मतभेद व्यक्तिगत नहीं, बल्कि देश की अवधारणा और उसके भविष्य को लेकर अलग-अलग विचारधाराओं का परिणाम है। प्रधानमंत्री के राजनीतिक सफर पर टिप्पणी करते हुए सोनिया ने उनकी शुरुआती परिस्थितियों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में उनके राजनीतिक उभार का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि मोदी की शुरुआती परिस्थितियां शायद उतनी साधारण नहीं थीं, जितनी उनकी छवि बनाने के लिए प्रचार माध्यमों में प्रस्तुत की गई हैं। संस्मरण में सोनिया ने संसद में प्रधानमंत्री के भाषणों पर भी टिप्पणी की है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री कई बार संसद में भी चुनावी सभाओं जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं और विपक्ष पर तीखे हमले करते हैं। उन्होंने भाजपा के 'कांग्रेस मुक्त भारत' के नारे, जवाहरलाल नेहरू को निशाना बनाए जाने और संघ परिवार की विचारधारा पर भी सवाल उठाए हैं। सोनिया ने अपनी सास से मिली धार्मिक समझ का जिक्र करते हुए भारतीय परंपरा को विविध आस्थाओं और मान्यताओं को स्वीकार करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में अलग-अलग विचारों और असहमति के लिए भी स्थान रहा है। सोनिया गांधी ने पुस्तक को अपना व्यक्तिगत संस्मरण बताते हुए स्पष्ट किया है कि राजनीति इसका मुख्य विषय नहीं है, बल्कि उनके जीवन की घटनाओं और अनुभवों की पृष्ठभूमि है। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी को लेकर किए गए उनके खुलासों ने इस पुस्तक को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब इस संस्मरण के माध्यम से सामने आए विचारों और दावों को लेकर राजनीतिक गलियारों में बहस होना तय है।






