दुखदः नहाते समय नदी में डूबे अल्मोड़ा निवासी दो युवकों की मौत! घटना से इलाके में पसरा मातम, हर आंख हुई नम

गरमपानी। उत्तराखण्ड में आज शुक्रवार को एक दुखद हादसा हो गया। यहां अल्मोड़ा जिले के काकड़ीघाट स्थित सिरौता नदी में नहाते समय दो युवक डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गयी। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि युवकों के दोस्तों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन नदी गहरी होने के चलते दोनों युवकों का पता नहीं चल पाया। बाद में सूचना पर पहुंची रानीखेत पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में डूबे 18 वर्षीय योगेश बोरा पुत्र बालम सिंह और 18 वर्षीय करन सिंह पुत्र ठाकुर सिंह निवासी घिंघारी अल्मोड़ा के शव बाहर निकाले। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं मृतकों के साथ गए साथी युवक अमन सिंह और शुभम बोरा ने बताया कि वह लोग नदी में नहाने के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि योगेश और करन नहाते समय बीच नदी में चले गए। नदी गहरी होने के चलते दोनों डूबने लगे। उन्होंने बताया कि दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।