संभल में बवालः पुलिस पर पथराव और आगजनी! दस से अधिक वाहन फूंके, एक युवक की मौत की खबर

Ruckus in Sambhal: Stone pelting and arson on police! More than ten vehicles burnt, news of death of one youth

संभल। यूपी के संभल में आज रविवार को उस समय बवाल हो गया, जब जामा मस्जिद के सर्वे के लिए टीम पहुंची। इस दौरान गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। देखते ही देखते इलाके में तनाव पैदा हो गया और भीड़ उग्र हो गई। नाराज भीड़ ने पुलिस पर पथराव करने के साथ ही आगजनी कर दी, जिससे हालात बेकाबू हो गए। पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने और लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना में बीस से अधिक पुलिस कर्मी और कई लोग चोटिल हो गए।  वहीं एक युवक की मौत की खबर भी सामने आई है, हांलाकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। खबरों के मुताबिक भीड़ ने दस से अधिक वाहनों को आग के हवाले कर दिया। करीब ढाई घंटे तक मस्जिद के अंदर सर्वे करने के बाद पुलिस ने भारी सुरक्षा में दूसरे रास्ते से सर्वे टीम को वहां से बाहर निकाला। सर्वे करने पहुंची टीम में वकील विष्णु शंकर जैन भी शामिल थे।
रविवार सुबह संभल के डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई के साथ सर्वेक्षण टीम जामा मस्जिद पहुंची। कोर्ट कमिश्नर रमेश राधव की अगुवाई में टीम ने मस्जिद के अंदर सर्वे का कार्य शुरू किया। जैसे ही स्थानीय लोगों को सर्वे की जानकारी मिली, नाराज मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मस्जिद के बाहर जमा हो गए। मुस्लिम समाज ने सुबह-सुबह और छुट्टी के दिन सर्वेक्षण पर आपत्ति जताई। जल्द ही मस्जिद के बाहर करीब एक हजार लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ ने पुलिस को मस्जिद के अंदर जाने से रोकने की कोशिश की। पुलिस के समझाने पर भी लोग नहीं माने और हंगामा करने लगे। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। पत्थर लगने से कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें एसपी के पीआरओ भी शामिल हैं। पथराव के बाद भीड़ ने सड़क पर आगजनी कर माहौल और खराब कर दिया। हालात काबू से बाहर होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ने की कोशिश की।