नैनीतालः टोल टैक्स और पार्किंग के मुद्दे पर गरमाई सियासत! भाजपा मण्डल अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप, बोले- भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है नगर पालिका

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में इन दिनों टोल टैक्स और पार्किंग का मुद्दा गरमाया हुआ है। इस बीच भाजपा मण्डल अध्यक्ष नितिन कार्की ने आरोप लगाया है कि नैनीताल नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि विकास विरोधी साजिश में पूरा तंत्र जुट गया है। उन्होंने कहा कि लेक ब्रिज चुंगी एवं नगर की सभी पार्किंग को ठेके से हटाकर, षड्यंत्रपूर्वक सीधे पालिका द्वारा अपने कब्जे में ले लेना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि नगर पालिका अब जनसेवा नहीं, अपितु स्वार्थ और भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुकी है। न्यायालय को भ्रमित कर, तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर, खुद की घोषित नीतियों के विपरीत कार्यवाही करना, जनता को निशुल्क पार्किंग का सपना दिखा कर ₹25 प्रति घंटे की लूट विश्वासघात की पराकाष्ठा है। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि हाइकोर्ट में झूठे हलफनामे देकर विकास कार्यों को ठप करने की जो कोशिशें हो रही हैं, वे सिर्फ कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि जनता के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी हैं। पालिका अब प्रशासन नहीं, बल्कि एक राजनीतिक अखाड़ा बन चुकी है जहां महत्वाकांक्षा, भष्टाचार और जन विरोधी सोच ने सेवा, नीति और पारदर्शिता को पूरी तरह निगल लिया है। आज अशोक सिनेमा हॉल के पास प्रस्तावित बहु-स्तरीय पार्किंग के लिए उच्च न्यायालय में गलत हलफनामा प्रस्तुत कर उसको रुकवाना, शहरवासियों की उम्मीदों पर पानी फेरने जैसा है।