नैनीतालः पार्किंग शुल्क और टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी का विरोध! जनहित संस्था ने पालिकाध्यक्ष को लिखा पत्र, पुनः विचार की उठाई मांग

नैनीताल। नैनीताल में पार्किंग शुल्क और टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी का लगातार विरोध हो रहा है। इसको लेकर तमाम लोग लगातार प्रशासन और पालिकाध्यक्ष को पत्र लिख रहे हैं। इसी क्रम में जनहित संस्था ने भी पालिका अध्यक्ष को पत्र लिख कर विरोध जताया है। पत्र में जनहित संस्था के महासचिव अशोक साह ने कहा कि जिस प्रकार एकाएक पार्किंग शुल्क और टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी की गयी है, उससे न केवल स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि इसका असर पर्यटकों और कारोबारियों पर भी पढ़ेगा। कहा कि जिला मुख्यालय और पर्यटन स्थल होने के चलते आए दिन यहां स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों का भी आना-जाना रहता है। ऐसे में शुल्क में हुई बढ़ोत्तरी हर किसी की परेशानी बढ़ा सकती है। उन्होंने पालिकाध्यक्ष पर इस मामले में पुनः विचार करने की अपील की है। बता दें कि पार्किंग शुल्क और टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी का विरोध लगातार हो रहा है। तमाम लोगों ने इसके खिलाफ आवाज उठाई है और इसे जनहित में गलत फैसला बताया है।