निकाय चुनावः नैनीताल पहुंचे सीएम धामी! भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में की जनसभा, हल्द्वानी में किया रोड शो

नैनीताल। उत्तराखण्ड में निकाय चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हर तरफ चुनावी प्रचार का शोर मचा हुआ है। भाजपा और कांग्रेस समेत तमाम राजनीतिक दलों से जुड़े प्रत्याशी और कार्यकर्ता दमखम के साथ मैदान में उतरे हैं और अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में आज गुरूवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नैनीताल पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी जीवंती भट्ट के पक्ष में जनसभा की। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह ट्रिपल इंजन की सरकार बनाए। इस दौरान सीएम धामी ने बलियानाला, चौराहा चौडीकरण, मेट्रोपोल समेत अन्य पार्किंग के कार्य भी गिनाए। इस दौरान सीएम धामी ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा के राज में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो हर तबके को साथ लेकर चलती है। कहा कि आज प्रदेश में तेजी से विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है। इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक सरिता आर्या आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट के समर्थन में होने वाले रोड शो का शुभारंभ किया। कालाढूंगी रोड से यह रोड शो शुरू हुआ, जिसमें भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। रोड शो कालाढूंगी रोड से होते हुए नैनीताल रोड होकर तिकोनिया तक पहुंचा।