सड़क किनारे खड़े ट्रक में लगी भीषण आग,दमकल कर्मियों ने बमुश्किल पाया काबू
रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में उस समय हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक पर अचानक हाईटेंशन बिजली की लाइन गिर गई। करंट उतरते ही ट्रक ने भीषण आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी विकराल हो गईं कि आसमान छूने लगीं। इस भयानक मंजर को देखकर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक बड़े हादसे और धमाके को टाल दिया।
जानकारी के अनुसार गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर गांव स्थित राजमहल होटल के पास की है। यहाँ सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन टूटकर ट्रक पर आ गिरी। शॉर्ट सर्किट और करंट के कारण ट्रक के परखच्चे उड़ने लगे और वह आग का गोला बन गया। कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग की भयावहता को देखते हुए किसी स्थानीय नागरिक ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना एक पल गंवाए दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने जैसे ही पानी की बौछारें मारने के लिए होज पाइप फैलाया, वैसे ही उनकी नजर ऊपर पड़ी। टीम ने देखा कि जिस हाईटेंशन लाइन के कारण आग लगी थी, उसमें बिजली की सप्लाई अभी भी चालू थी। बिना बिजली कटे पानी डालना दमकल कर्मियों और वहां खड़े सैकड़ों लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था। स्थिति की गंभीरता और खतरे को भांपते हुए फायर टीम ने तुरंत कंट्रोल रूम को इस बात की जानकारी दी। इसके साथ ही मौके पर मौजूद 'चेतक मोबाइल' (पुलिस वैन) को तुरंत नजदीकी बिजली घर दौड़ाया गया और वहां से बिजली की सप्लाई को पूरी तरह कटवाया गया। बिजली कटने के तुरंत बाद दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू कर दीं। आग की लपटें ट्रक के डीजल टैंक तक पहुंच चुकी थीं, जिससे उसके फटने और आसपास के इलाके में भारी तबाही का खतरा मंडरा रहा था। लेकिन फायर सर्विस की त्वरित और पेशेवर कार्रवाई के चलते डीजल टैंक को फटने से ठीक पहले सुरक्षित बचा लिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि, इस अग्निकांड में ट्रक बुरी तरह से जलकर खाक और क्षतिग्रस्त हो गया है, लेकिन गनीमत यह रही कि इस पूरे हादसे में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई।