मालेगांव ब्लास्टः बरी होने के बाद आया साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का पहला रिएक्शन! बोलीं- आज भगवा, हिंदुत्व की जीत हुई...

नई दिल्लीं मालेगांव ब्लास्ट मामले में एनआईए की स्पेशल कोर्ट ने आज साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित और अन्य सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। इस बीच कोर्ट के फैसले के बाद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का पहला बयान सामने आया है। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि आज भगवा की जीत हुई है, हिंदुत्व की जीत हुई है और जो भी दोषी हैं ईश्वर उन्हें सजा देगा। इधर इस मामले में पीड़ित परिवारों के वकील एडवोकेट शाहिद नदीम ने कहा है कि हम इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती देंगे। उन्होंने कहा कि अदालत ने यह माना कि बम विस्फोट हुआ था। वहीं साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि मैंने शुरू से ही कहा था कि जिन्हें भी जांच के लिए बुलाया जाता है, उसके पीछे कोई आधार होना चाहिए। मुझे जांच के लिए बुलाया गया और गिरफ्तार करके प्रताड़ित किया गया। इससे मेरा पूरा जीवन बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा कि मैं एक साधु का जीवन जी रही थी, लेकिन मुझे फंसा दिया गया और मुझ पर आरोप लगा दिए गए और कोई भी स्वेच्छा से हमारे साथ खड़ा नहीं हुआ। बता दें कि 29 सितंबर, 2008 को रमजान के महीने में मुस्लिम बहुल इलाके मालेगांव के भीकू चौक में बम धमाका हुआ था। इसमें छह लोगों की मौत हो गई थी और 101 लोग घायल हो गए थे।