Awaaz24x7-government

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बड़ा आतंकी हमला! 9 सैनिकों के मारे जाने की खबर, सुरक्षाबलों में मचा हड़कंप

Major terrorist attack in Balochistan, Pakistan! 9 soldiers reported dead, panic in security forces

नई दिल्ली। पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां बलूचिस्तान में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में कम से कम 9 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है। अधिकारियों ने मंगलवार को इस हमले के बारे में जानकारी दी है। वाशुक जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दर्जनों आतंकवादियों ने एक पुलिस थाने और सीमा बल परिसर पर हमला किया था। खबरों के मुताबिक जब सेना का मूवमेंट हो रहा था तभी आतंकवादियों ने हमला कर दिया। इससे पहले पाकिस्तान के बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया था। घटना पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में हुई थी। यहां पटरी पर लगे विस्फोटक के चलते जाफर एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इस घटना में चार लोग घायल हुए थे। जिस वक्त ट्रेन को निशाना बनाया गया था उस वक्त वह पेशावर की ओर जा रही थी। हाल ही में बलूचिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक यात्री बस पर भी गोलीबारी की थी जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी और सात अन्य घायल हो गए थे। बस पर हमला तब हुआ था जब वह कराची से क्वेटा जा रहा थी। कलात इलाके में बस पर हमला किया गया था। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में लगातार हिंसा की वारदातें होती रही हैं। हाल ही में एक बाजार के पास बम विस्फोट में 4 लोगों की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हो गए थे। विस्फोट बलूचिस्तान के किला अब्दुल्ला जिले में जब्बार मार्केट के पास हुआ था, जिससे कई इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा था। विस्फोट के बाद कई दुकानें ढह गई थीं और कई प्रतिष्ठानों में आग लग गई थी।