स्टार गायक पवनदीप राजन के गीतों पर झूमां चंपावत! घटोत्कच महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां, माया उपाध्याय और गजेंद्र राणा ने भी लूटी महफिल

चंपावत। चम्पावत जिले के ग्राम पंचायत चौकी में पाण्डव कालीन भीम पुत्र महाबली घटोत्कच के मन्दिर में पांच दिवसीय घटोत्कच महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों व व्यापारिक मेले की धूम मची हुई है। पांच दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में खेलकूद बौद्धिक प्रतियोगिताओं के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्टार नाइट में इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन के गीतों में दर्शक देर रात तक झूमते नजर आए। तो वहीं लोक गायिका माया उपाध्याय, गजेंद्र राणा, सुरेश राजन के गीतों का भी दर्शकों ने जमकर लुत्फ को उठाया। महोत्सव में स्टार गायक पवनदीप राजन की अपने पिता सुरेश राजन के साथ जुगलबंदी को दर्शकों ने काफी सराहा। वहीं महोत्सव में दूर-दूर से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजाई हुई हैं, जहां क्षेत्रवासी जमकर खरीदारी कर महोत्सव का भरपूर आनंद उठा रहे हैं। मनोरंजन के लिए झूले व चरखे लगे हुए हैं।
महोत्सव के सयोंजक भुवन चन्द्र जोशी बताते है कि घटोत्कच मन्दिर में 2018 से महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पूर्व में यहां दशै मेला का आयोजन होता था जिसमें बलि प्रथा हुआ करती थी। धीरे-धीरे यह बन्द होने के बाद युवाओं ने इस स्थान पर महोत्सव का आयोजन किया। यहां पर केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्टॉल लगाए जाते हैं। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए बौद्धिक प्रतियोगिताओं के साथ ही स्थानीय कलाकारों के लिए सांस्कृतिक मंच मिलता है तथा पहली नवरात्र से दशमी तक पूजा अनुष्ठान के कार्यक्रम सम्पन्न होते है। मालूम हो महाबली भीम व हिडंब्बा के पुत्र महाबली घटोत्कच का मंदिर काफी प्राचीन है जिन्हें यहां घटकू देवता के नाम से भी जाना जाता है, जिनकी यहां काफी मान्यता है। महाबली घटोत्कच लोगों की मनोकामना पूर्ण करते हैं वहीं से कुछ दूरी पर महाबली घटोत्कच की बहनों झाली, माली के भी मंदिर हैं।