Good Morning India: नागपंचमी और सावन का तीसरा सोमवार आज,13 लाख फॉलोअर्स वाली टिकटॉक स्टार की दिनदहाड़े हत्या,उत्तराखंड में फिर सम्मानित होंगे बाल वीर,सीएम धामी की बड़ी घोषणा,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एकबार फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।
नाग पंचमी और सावन का तीसरा सोमवार आज, 9 शुभ योगों में पूजे जाएंगे शिव-नाग देव।
यूजीसी-नेट 2026: भारी गलतियों के बाद अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा रद्द, सितंबर में दोबारा होंगे पेपर।
ट्रंप के शांति प्लान पर काहिरा में महामंथन, तो दूसरी ओर गाजा पर इस्राइल का हवाई हमला।
ग्लोबल जल-प्रलय: चीन से अमेरिका तक 10 देशों में कुदरत का 'रौद्र' रूप, पानी में बह गईं गाड़ियां।
बीजेपी संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी: नितिन नवीन की नई टीम का आज हो सकता है ऐलान,स्मृति और अनुराग को मिल सकती है जगह.
आज रात आसमान में जमेगी ग्रहों की महफिल: बिना टेलिस्कोप देख सकेंगे दुर्लभ दृश्य, शाम को चमकेगा 'शुक्र-चंद्रमा' का त्रिकोण।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दिए संन्यास के संकेत: बोले- 'फुटबॉल में यह मेरा हो सकता है आखिरी साल।
ब्राजील में 73 साल बाद आए सूखे ने मचाया तांडव: बस्तियों में फैली खौफनाक 'येलो फीवर', कनेक्शन जान चौंके वैज्ञानिक।
मौसम का मिजाज: दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी के बीच बारिश के आसार; यूपी-बिहार सहित 19 राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट।
13 लाख फॉलोअर्स वाली टिकटॉक स्टार की दिनदहाड़े हत्या! पाकिस्तान में कार रोककर मारी गोली, वित्तीय विवाद में रची गई साजिश।
उत्तराखंड में फिर सम्मानित होंगे बाल वीर: सीएम धामी की बड़ी घोषणा, इसी साल से मिलेगा 'बाल वीरता पुरस्कार।
उत्तराखंड में मानसून का तांडव: देहरादून और टिहरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट,भूस्खलन से ठप हुए कई राष्ट्रीय राजमार्ग।
एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: भारत-नेपाल सीमा पर ₹54 लाख की जाली करेंसी जब्त, मानव तस्करों के चंगुल से 52 लोग मुक्त।
आईटीबीपी जवान सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई:अमरनाथ ड्यूटी से लौटते समय हादसे में हुए थे शहीद,बिलख उठा परिवार तो ग्रामीणों की भर आई आंखें।
आपदा समीक्षा बैठक में मदन कौशिक का सख्त अल्टीमेटम: बंद सड़कें तुरंत खोलें, लापरवाही पर अफसरों पर गिरेगी गाज।
हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-दिल्ली। सावन का तीसरा सोमवार इस बार बेहद खास संयोग लेकर आया है। आज 17 अगस्त को सावन सोमवार के साथ नाग पंचमी का पर्व भी मनाया जा रहा है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में इसे सावन का तीसरा सोमवार माना जा रहा है। एक ही दिन भगवान शिव की आराधना और नाग देवता की पूजा होने से शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है। वहीं नाग पंचमी का भगवान शिव से विशेष संबंध माना जाता है, क्योंकि उनके गले में नाग विराजमान हैं। ऐसे में भक्त आज जलाभिषेक के साथ नाग देवता का स्मरण और पूजन करेंगे। कई स्थानों पर नाग देवता की प्रतिमा या तस्वीर की पूजा करने की परंपरा है। पूजा के शुभ मुहूर्त के तहत ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4:24 से 5:08 बजे तक रहेगा। वहीं अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:59 से दोपहर 12:51 बजे तक है। श्रद्धालु इन समयों में पूजा-अर्चना कर सकते हैं। सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहनने के बाद शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद और गंगाजल से अभिषेक किया जा सकता है। भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, आक और सफेद फूल अर्पित करने की परंपरा है। पूजा के दौरान ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप और शिव चालीसा का पाठ किया जाता है। नाग पंचमी पर जीवित सांपों को दूध पिलाने से बचना चाहिए। इसके बजाय नाग देवता की प्रतिमा या तस्वीर की पूजा करना उचित है। श्रद्धालु इस दिन दान-पुण्य, सात्विक भोजन और शिव ध्यान को भी विशेष महत्व दे सकते हैं। पूजा में साफ-सफाई और श्रद्धा का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है।
नई दिल्ली। यूजीसी नेट जून 2026 की परीक्षा में प्रश्नपत्रों की गंभीर खामियां सामने आने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीनों विषयों के अभ्यर्थियों को री-एग्जाम के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी अलग से जारी की जाएगी। एनटीए के अनुसार, जून 2026 में 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई थी। अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें मिलने के बाद विशेषज्ञ समिति से जांच कराई गई। जांच में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी गलतियां मिलीं। कई विद्वानों के नाम और पुस्तकों के शीर्षक गलत लिखे गए थे। सवालों की भाषा, व्याकरण, लिंग-वचन और अवधारणाओं के लिए इस्तेमाल शब्दों में भी खामियां पाई गईं। कुछ पुराने सवाल दोबारा पूछे जाने की बात भी सामने आई।एनटीए ने कहा कि इतनी व्यापक गड़बड़ियों को केवल प्रश्न हटाकर दूर करना उचित नहीं होगा, इसलिए पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। वहीं बाकी 84 विषयों के परिणाम तय कार्यक्रम के अनुसार जारी होंगे। एनटीए ने कहा कि तीन विषयों की पुनर्परीक्षा के कारण जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता और पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में देरी नहीं होगी। उम्मीदवारों को अपडेट के लिए केवल एनटीए और यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है।
यरूशलम। पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच एक तरफ शांति बहाली के कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं, तो दूसरी ओर सैन्य हमले थमने का नाम नहीं ले रहे। मिस्र की राजधानी काहिरा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत जेरेड कुशनर और निकोलाय म्लादेनोव ने मिस्र, कतर और तुर्किये के मध्यस्थों से अहम बातचीत की। इस उच्चस्तरीय बैठक में मिस्र के राष्ट्रपति अल-सीसी और हमास के प्रतिनिधि भी शामिल हुए, जहां युद्धविराम के नए प्रस्तावों पर चर्चा हुई। काहिरा में मध्यस्थों से चर्चा के बाद अमेरिकी शिष्टमंडल सोमवार को इस्राइल पहुंचेगा, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से होगी। हालांकि, नेतन्याहू पहले ही ट्रंप की नई शांति रूपरेखा को 'अस्वीकार्य' बता चुके हैं। अमेरिका और इस्राइल के बीच हमास के लड़ाकों को निशाना बनाने के मुद्दे पर भी गहरे मतभेद नजर आ रहे हैं। शांति वार्ता की इन कोशिशों के बीच इस्राइली वायुसेना ने गाजा पट्टी के खान यूनिस और नुसेरात में फिर हवाई हमले किए। इस्राइली सेना का दावा है कि उसने हमास और इस्लामिक जिहाद के ठिकानों को निशाना बनाया। इन हमलों में तंबू शिविर में मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। डोनाल्ड ट्रंप की शांति योजना में गाजा में तत्काल सैन्य अभियानों पर रोक, हमास का निशस्त्रीकरण, इस्राइली सेना की पूर्ण वापसी और गाजा के पुनर्निर्माण के लिए नए नागरिक प्रशासन के गठन का प्रस्ताव है। हालांकि हमास ने साफ किया है कि कोई भी समझौता इस्राइली सेना की पूर्ण वापसी पर ही निर्भर करेगा।
नई दिल्ली। दुनिया के कई हिस्सों में इस समय भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। चीन से अमेरिका, यूरोप से मिडिल ईस्ट और एशिया से दक्षिण अमेरिका तक करीब 10 देशों में मौसम का ऐसा विकराल रूप देखने को मिल रहा है कि सड़कें नदियों में बदल गई हैं और कई इलाकों में वाहन पानी के तेज बहाव में बहते नजर आए। कई बस्तियों में पानी घरों तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। चीन में सड़कों पर सैलाब चीन के वूशी में मूसलाधार बारिश के बाद सड़कें पानी से लबालब हैं। कई वाहन पानी में फंस गए। बाढ़ के तेज बहाव के बीच दो लोगों ने इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉइल बोर्ड का सहारा लेकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश की। अमेरिका में भी आफत अमेरिका के मिडवेस्ट में भारी बारिश ने इलिनोइस, आयोवा और इंडियाना समेत कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कुछ क्षेत्रों में पांच इंच से अधिक बारिश का अनुमान जताया गया है, जिससे बाढ़ का खतरा और बढ़ने की आशंका है। ग्रीस और ब्राजील में भी तबाही ग्रीस के मानी इलाके में तूफानी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने सड़कों को तेज बहाव में बदल दिया। कई भारी वाहन पानी में बहते नजर आए। वहीं ब्राजील के कास्त्रो में तेज हवाओं और बारिश के साथ बड़े आकार के ओले गिरे। कुछ इलाकों में सड़कों और घरों पर ओलों की सफेद परत जम गई। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में सामने आ रही ये तस्वीरें चरम मौसम की बढ़ती चुनौती की ओर इशारा कर रही हैं। लगातार बदलते मौसम के बीच अब सवाल उठ रहा है कि क्या ऐसे घटनाक्रम आने वाले समय में और गंभीर आपदाओं का संकेत हैं।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी में संगठन स्तर पर बड़े बदलाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान आज होने की संभावना है। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर जैसे नेताओं को संगठन में अहम भूमिका मिलने की चर्चा है। संभावित बदलाव को 2027 के विधानसभा चुनावों समेत आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। उधर, देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ने से वाराणसी और प्रयागराज में प्रशासन अलर्ट है। वाराणसी में गंगा में नाव संचालन पर रोक लगा दी गई है, जबकि प्रयागराज में नदी किनारे पुरोहितों की कई कुटियां डूब गई हैं। उत्तराखंड के चमोली में बदरीनाथ हाईवे पर सड़क धंसने से ट्रक गड्ढे में फंस गया। कर्णप्रयाग में बादल फटने से भी नुकसान की खबर है। लखनऊ में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद 101 अवैध इमारतों पर एलडीए की कार्रवाई की तैयारी है। पंजाब में 690 ग्राम आईईडी बरामद होने से आतंकी साजिश नाकाम होने का दावा किया गया है। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 24वें दिन जारी है। सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच आज दोपहर दो बजे वार्ता प्रस्तावित है। वहीं अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामलों में सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी।
नई दिल्ली। खगोलप्रेमियों के लिए आज 17 अगस्त की रात आसमान एक शानदार खगोलीय नजारे का गवाह बनने जा रहा है। सूर्यास्त के बाद पश्चिमी आकाश में पतला अर्धचंद्र, चमकीला शुक्र ग्रह और स्पाइका (चित्रा) तारा एक साथ नजर आएंगे। खास बात यह है कि देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहने पर इस दृश्य को बिना टेलिस्कोप के भी देखा जा सकेगा। खगोल वैज्ञानिकों के अनुसार, सूर्यास्त के बाद शाम 7:15 से रात 8:30 बजे के बीच इस नजारे को देखने का सबसे अच्छा समय रहेगा। अमावस्या के बाद दिखाई दे रहा बाल चंद्रमा इस खगोलीय संगम की खूबसूरती बढ़ाएगा। चंद्रमा और शुक्र के साथ स्पाइका की मौजूदगी पश्चिमी क्षितिज के ऊपर एक आकर्षक दृश्य बनाएगी। हालांकि चंद्रमा, शुक्र और स्पाइका 16 अगस्त को एक-दूसरे के अपेक्षाकृत करीब थे, लेकिन 17 अगस्त की शाम भी इनके बीच का तालमेल और चमक खगोलप्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेगी। बेहतर दृश्य के लिए शहर की तेज रोशनी से दूर खुले स्थान का चुनाव किया जा सकता है। भोर में भी दिखेगा ग्रहों का जमावड़ा। 17 अगस्त की सुबह पूर्वी आकाश में एक और दिलचस्प दृश्य देखने को मिलेगा। लाल ग्रह मंगल मिथुन तारामंडल के दो तारों ईटा और म्यू जेमिनोरम के करीब दिखाई देगा। इनके नीचे बृहस्पति और बुध भी नजर आएंगे। इन ग्रहों को देखने का बेहतर समय सुबह 4 से 5:15 बजे के बीच बताया गया है। साफ आसमान होने पर दोनों समय के खगोलीय नजारों का आनंद बिना किसी विशेष उपकरण के लिया जा सकता है।
नई दिल्ली। फुटबॉल जगत के महानतम खिलाड़ियों में शुमार पुर्तगाल के दिग्गज स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने संन्यास को लेकर बहुत बड़ा संकेत दिया है। 41 वर्षीय रोनाल्डो ने खुलासा किया है कि 2026-27 का फुटबॉल सीजन शीर्ष स्तर पर उनका आखिरी सीजन हो सकता है। फिलहाल सऊदी प्रो लीग क्लब अल-नस्र के लिए खेल रहे रोनाल्डो ने वॉग को दिए इंटरव्यू में कहा, "यह शायद फुटबॉल में मेरा आखिरी साल है और मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं। अपने करीब 25 साल लंबे करियर के अंतिम पड़ाव पर भी रोनाल्डो एक सर्वकालिक महान उपलब्धि के बेहद करीब हैं। वह 1000 प्रोफेशनल गोल पूरे करने के ऐतिहासिक आंकड़े से सिर्फ 24 गोल दूर हैं। वर्तमान में उनके नाम 976 गोल दर्ज हैं और दुनिया भर के प्रशंसकों की नजरें इस महा-रिकॉर्ड पर टिकी हुई हैं। अपने लंबे करियर में किए गए त्याग को याद करते हुए रोनाल्डो ने कहा कि संन्यास के बाद की जिंदगी के लिए उनका भविष्य पूरी तरह तय है। फुटबॉल से दूर होने के बाद पैदा होने वाले खालीपन को भरने के लिए उनके पास कई योजनाएं हैं। वह ज्यादा यात्राएं करना चाहते हैं, मौज-मस्ती करना चाहते हैं और अपनी पसंद के खेल 'पैडल' को खेलने व देखने में समय बिताना चाहते हैं। हाल ही में फीफा विश्व कप 2026 में पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व करने वाले रोनाल्डो अपने इस आखिरी सफर में खेल को अलविदा कहने से पहले 1000 गोल का आंकड़ा छूना चाहते हैं।
नई दिल्ली। आमतौर पर बारिश के मौसम को मच्छरों और बीमारियों के बढ़ने से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन ब्राजील में सामने आई एक घटना ने वैज्ञानिकों को चौंका दिया। शोध के मुताबिक, 2015 में पड़े भीषण सूखे के बाद जंगलों में रहने वाली बीमारी येलो फीवर इंसानी शहरों तक पहुंच गई और 2016 से 2019 के बीच 2,000 से अधिक लोग इसकी चपेट में आए, जबकि करीब 750 लोगों की मौत हुई। ब्राजील में शहरी इलाकों में येलो फीवर का बड़ा प्रकोप करीब सात दशक से नहीं देखा गया था। शोधकर्ताओं के अनुसार, इस बदलाव की अहम वजह 2015 का असाधारण सूखा था, जिसे एल नीनो से जोड़कर देखा गया। सूखे के कारण जंगलों में पानी और भोजन के स्रोत सूख गए। इससे बंदर समेत कई जंगली जीव भोजन-पानी की तलाश में इंसानी बस्तियों के करीब पहुंचने लगे। येलो फीवर वायरस जंगल में रहने वाले मच्छरों और बंदरों के बीच फैलता है। सामान्य परिस्थितियों में यह चक्र जंगल तक सीमित रहता है और इंसानों का संपर्क कम होता है। लेकिन सूखे ने इस प्राकृतिक संतुलन को बदल दिया। संक्रमित बंदरों के शहरों की ओर आने के साथ वायरस फैलाने वाले मच्छर भी इंसानी आबादी के करीब पहुंच गए और लोगों को काटने लगे। ब्राजील के मिनास गेरैस में बीमारी का असर सबसे अधिक देखा गया। इसके बाद बड़े पैमाने पर टीकाकरण और मच्छर नियंत्रण अभियान चलाया गया।वैज्ञानिकों के लिए यह घटना चेतावनी है कि जलवायु और मौसम में बड़े बदलाव केवल पानी और खेती को प्रभावित नहीं करते, बल्कि जंगलों में छिपी बीमारियों को भी इंसानों तक पहुंचा सकते हैं। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि गंभीर सूखे की परिस्थितियों में भविष्य में भी ऐसे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
नई दिल्ली। मानसून के सक्रिय रहने के बीच देश के बड़े हिस्से में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 19 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। हालांकि, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना भी जताई गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी पूर्वी और पश्चिमी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मुरादाबाद, कानपुर, बरेली, बिजनौर, बहराइच, लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है। बिहार में भी आफत की बारिश गया, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, मुंगेर, जमुई, कटिहार, भागलपुर, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज समेत कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। उधर, गंगीय पश्चिम बंगाल में 17 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पहाड़ों में बढ़ा खतरा। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सप्ताह के अधिकांश दिनों में भारी बारिश का अनुमान है। 17-18 अगस्त को पहाड़ी इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन और लोगों को मौसम के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की बेहद लोकप्रिय 28 वर्षीय टिकटॉक स्टार शमसू बीबी (उर्फ आयशा गिलामाना) की टैक्सिला में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। सोशल मीडिया पर 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स और करीब 35 मिलियन लाइक्स रखने वाली शमसू बीबी की इस दर्दनाक हत्या से देश भर में हड़कंप मच गया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 14 अगस्त को 'काशी' नामक व्यक्ति के फोन करने पर शमसू बीबी अपने भाई-बहन के साथ कार से बाहर निकली थीं। जैसे ही उनकी कार एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची, मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गले में गोली लगने से शमसू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनियंत्रित हुई कार के टकराने से उनकी 15 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका के पिता फजल साहिबजादा और भाई के मुताबिक, शमसू का कौसर और जावेद नामक व्यक्तियों के साथ भारी वित्तीय लेन-देन था। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, जिसकी शिकायत इस्लामाबाद पुलिस में भी की गई थी। परिवार का आरोप है कि उनके पैसे हड़पने की नीयत से ही इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, जबकि शमसू का टिकटॉक अकाउंट निष्क्रिय कर दिया गया है।
आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-देहरादून। उत्तराखंड के उन बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जिंदगी बचाई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस पर घोषणा की कि प्रदेश के बहादुर बच्चों को अब हर साल बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के साथ ही लंबे समय से वीरता का सम्मान पाने का इंतजार कर रहे बच्चों के लिए रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश में बच्चों को पहले गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह प्रक्रिया ठप थी। भारतीय बाल कल्याण परिषद की ओर से वीर बच्चों से आवेदन तक नहीं लिए जा रहे थे। ऐसे में गुलदार से मुकाबला कर लोगों की जान बचाने, नदी-नालों में डूबते लोगों को बचाने और अन्य साहसिक कार्य करने वाले बच्चों को राज्य स्तर पर उचित सम्मान नहीं मिल पा रहा था। उत्तराखंड के 15 बाल वीरों को अब तक राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार मिल चुका है। इनमें टिहरी के हरीश राणा, हरिद्वार की माजदा, अल्मोड़ा की पूजा कांडपाल, देहरादून के प्रियांशु जोशी, टिहरी के अर्जुन और पौड़ी की राखी समेत कई बहादुर बच्चे शामिल हैं। पौड़ी की राखी ने अपने चार वर्षीय छोटे भाई को गुलदार से बचाने के लिए उससे भिड़कर अदम्य साहस दिखाया था। उसकी बहादुरी को राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला। प्रदेश में ऐसे कई मामले सामने आते रहे हैं, जहां बच्चों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों को बचाया। अब राज्य सरकार के स्तर पर बाल वीरता पुरस्कार शुरू होने से इन साहसी बच्चों को पहचान और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा ने राज्य में बाल वीरता को सम्मान देने की नई परंपरा की शुरुआत का संकेत दिया है।
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच पहाड़ से मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार को मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की चेतावनी दी गई है। देहरादून में लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। नदी-नाले भी उफान पर हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने से कई सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 अगस्त तक भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पिथौरागढ़ जिले में तेज बारिश के बाद भूस्खलन से टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग और कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर पांच घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा। अस्कोट-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर बेरीनाग और थल के बीच मलबा आने से कुछ समय के लिए यातायात रुका। वहीं थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग पर ला-झेकला के पास डंपर फंसने से सड़क करीब आठ घंटे बंद रही। इस दौरान दर्जनों वाहन फंसे रहे। भूस्खलन का खतरा बढ़ा। मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी में अत्यंत तीव्र बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई है। पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।
अल्मोड़ा। भारत-नेपाल और भारत-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल ने तस्करी और नकली करेंसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में रविवार को आईजी अमित कुमार ने बताया कि बल अब तक मानव तस्करों के चंगुल से 52 पीड़ितों को मुक्त करा चुका है, जबकि 32 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। प्रेसवार्ता में आईजी ने बताया कि भारत-नेपाल और भूटान सीमा पर मानव तस्करी के अब तक 45 मामले दर्ज किए गए हैं। एसएसबी की कार्रवाई में भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी नाकाम की गई। बल ने विभिन्न मामलों में 54.74 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा और 8.09 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की है। सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियानों में अब तक 136 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 41.87 किलोग्राम मादक पदार्थ भी बरामद किया गया। आईजी के अनुसार, एसएसबी ने 116 मामलों में कार्रवाई कर तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि एसएसबी की भूमिका केवल सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है। बल के जवान सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव और पशु चिकित्सा शिविर आयोजित करने, कौशल विकास कार्यक्रम चलाने और लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने में भी योगदान दे रहे हैं। उत्कृष्ट सेवा और कर्तव्यपरायणता के लिए सीमांत मुख्यालय के 18 अधिकारियों और कार्मिकों को महानिदेशक गोल्डन व सिल्वर डिस्क तथा 11 को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है। आईजी ने कहा कि आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी एसएसबी की प्राथमिकता है।
चमोली। अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे नारायणबगड़ क्षेत्र के आईटीबीपी जवान प्रदीप कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव डूंगरी कड़ाकोट पहुंचा तो पूरा इलाका गम में डूब गया। तिरंगे में लिपटे अपने लाल को अंतिम दर्शन के लिए सामने देख परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। मां-पिता और अन्य परिजनों के विलाप ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। पठानकोट ट्रेन हादसे में गई जान। 35 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र पातीराम भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 23वीं बटालियन, सीमा द्वार देहरादून में तैनात थे। वह अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए ट्रेन हादसे में उनकी मौत हो गई। जवान की मौत की खबर मिलते ही डूंगरी कड़ाकोट समेत पूरे नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पैतृक घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने पहुंचे। 23वीं बटालियन आईटीबीपी के कमांडेंट रिंकू सिंह के नेतृत्व में जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदीप कुमार के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। विधायक भूपाल राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला समेत अन्य लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत जवान के परिवार को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।
रुद्रप्रयाग। मानसून की बारिश के बीच आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने जिले में आपदा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि राहत-बचाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लंबे समय से बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय पर मार्ग नहीं खुले तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला कार्यालय सभागार में हुई समीक्षा बैठक में मंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों, बाधित सड़कों, उपलब्ध जेसीबी और अन्य मशीनरी के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और क्यूआरटी की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आपदा के दौरान मशीनरी और उपकरण कितनी जल्दी प्रभावित स्थान तक पहुंच सकते हैं। मंत्री ने निर्देश दिए कि सड़क बंद होते ही इंपैनल मशीनों को तत्काल मौके पर भेजा जाए। मशीनरी की लोकेशन और उपलब्धता की जानकारी लगातार अपडेट रखी जाए, ताकि मलबा हटाने और यातायात बहाल करने में अनावश्यक देरी न हो। उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सड़कों और महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए। जलभराव का स्थायी समाधान मांगा। अगस्त्यमुनि, तिलवाड़ा समेत कई बाजार क्षेत्रों में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पर मंत्री ने प्रभावी ड्रेनेज प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि हर साल एक जैसी समस्या दोहराने के बजाय स्थायी समाधान तलाशा जाए। पीपलकोटी में हुई टनल दुर्घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने रेस्क्यू सिस्टम मजबूत करने, नियमित प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सेना, एनडीआरएफ और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की मदद ली जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और सड़क, बिजली, पानी व स्वास्थ्य सेवाओं में व्यवधान होने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
--- समाप्त ---
दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।