Good Morning India: होली के रंगों से रंगा देश, बधाईयां शुरू! देहरादून में महिला दारोगा से रेप, सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 5 जिलों में बारिश का अलर्ट

Good Morning India: The country is painted in the colours of Holi, greetings have begun! A woman inspector was raped in Dehradun, a case was filed against the constable, rain alert in 5 districts

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। सबसे पहले आवाज इंडिया परिवार की ओर से आप सभी रंगों के पर्व होली की अनन्त शुभकामनाएं। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी।   आज देशभर में होली का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं आज मार्क कार्नी कनाडा के 24वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। उन्होंने 9 फरवरी को लिबरल पार्टी के नेता का चुनाव जीता था।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आज 64 साल बाद होली और रमजान का जुमा एक ही दिन है। इसे लेकर देशभर में पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर है। यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, और मध्य प्रदेश में खास इंतजाम किए गए हैं। इंदौर के महू में पुलिस ने मस्जिदों को ढंकने की अपील की। 2000 जवान तैनात हैं। छत्तीसगढ़ में नमाज का वक्त बदला गया है। यूपी में मस्जिदें को रंग और गुलाल से बचाने के लिए ढंका गया है, 13 शहरों में नमाज का वक्त बदला है। 

इधर यमुना नदी के 33 में से 23 साइट्स वाटर क्वालिटी टेस्ट में फेल हो गईं। ये जानकारी वाटर रिसोर्स पर बनाई गई पार्लियामेंट्री स्टैंडिंग कमेटी ने दी है। 23 जगहों पर पानी में ऑक्सीजन की मात्रा न के बराबर पाई गई। 33 में से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के 4-4 साइट्स क्वालिटी स्टैंडर्ड्स को पूरा करती हैं। हरियाणा की 6 और दिल्ली की सभी 7 साइट्स क्वालिटी पर खरी नहीं उतरीं।

उधर तमिलनाडु की स्टालिन सरकार ने राज्य के बजट डॉक्यूमेंट में '₹' का सिंबल बदलकर तमिल लिपि में 'ரூ' कर दिया। यह तमिल लिपी का अक्षर 'रु' है। इस पर BJP प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने CM स्टालिन को स्टूपिड कहा। उन्होंने X पर लिखा, '₹ के सिंबल को तमिलनाडु के थिरु उदय कुमार ने डिजाइन किया था। वे DMK के पूर्व विधायक के बेटे हैं।'

इधर इंटरनेशनल मास्टर्स लीग टी20 में इंडिया मास्टर्स की टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में इंडिया मास्टर्स ने ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स को करीब करीब एकतरफा मुकाबले में 94 से मात दे दी है। इस दौरान ​सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह का वही जलवा दिखाई दिया, जो अब से कई साल पहले दिखाई देता था। अब इंडिया मास्टर्स की टीम फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम से 16 मार्च को भिड़ेगी। 

उधर मुंबई इंडियंस एक बार फिर से डब्ल्यूपीएल के फाइनल में एंट्री मार दी है। एलिमिनेटर मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को हराकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। अब पहले से ही फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी दिल्ली कैपिटल्स से उसका खिताबी मुकाबला होगा। जो भी टीम इस मैच को जीतेगी, वो विजेता कहलाएगी। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हादसों से बचाव के लिए अब बच्चों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया जाएगा। इसके लिए परिवहन विभाग पूर्व में कक्षा तीन व अन्य के लिए पुस्तकें भेज चुका है। अब 9वीं से 12वीं के लिए भी पुस्तकें तैयार कराई जा रही हैं।

उधर राजधानी देहरादून के राजपुर रोड पर एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने बुधवार रात को सड़क किनारे चल रहे चार मजदूरों को रौंदा डाला था। चारों की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक गाड़ी को रोकने के बजाय वहां कुछ दूरी पर खड़े स्कूटर को टक्कर मारकर भाग गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर चालक को हिरासत में लिया है। 

इधर राजधानी देहरादून में उत्तराखंड पुलिस के सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता कोई और नहीं, बल्कि महिला दारोगा। पीड़ित महिला दारोगा की शिकायत पर पुलिस ने देहरादून की पटेल नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। वहीं जल्द ही शिकायतकर्ता महिला दारोगा के मजिस्ट्रेटी बयान भी दर्ज कराए जाएंगे।

उधर उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। वहीं मौसम विभाग ने एक बारि फिर बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का अंदेशा जताया गया है। जिससे पर्वतीय इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। साथ ही मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में बारिश और आसमान बिजली चमकने (स्काई लाइटिंग) की भी संभावना जताई है। वहीं राजधानी देहरादून में आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है।