Good Morning India: फाइनल में पहुंची पंजाब किंग्स, श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, इस बार मिलेगा नया चैंपियन! पूर्वोत्तर में बारिश-लैंड स्लाइड का कहर, 32 लोगों की मौत! शेख हसीना के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Punjab Kings reached the final, Shreyas Iyer created history, this time a new champion will be found! Rain-land slide wreaks havoc in the Northeast, 32 people died! Arrest warrant

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज जेईई एडवांस का रिजल्ट आएगा। साथ में एग्‍जाम की फाइनल आंसर की भी जारी की जाएगी। काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन 3 जून से शुरू होगा। वहीं आज पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पलासियोस 3 दिन के दौरे पर भारत आएंगे। PM मोदी से मुलाकात होगी। इधर आज तुर्किये की राजधानी इस्तांबुल में रूस-यूक्रेन के बीच अगले दौर की शांति वार्ता होगी। इसमें रूस शांति के लिए मेमोरेंडम पेश करेगा।

अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, आईपीएल 2025 के क्वालीफायर-2 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हरा दिया और फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहां उसका सामना आरसीबी की टीम से होगा। मैच में मुंबई ने पहले बैटिंग करते हुए 203 रन बनाए, जिसके बाद पंजाब ने श्रेयस अय्यर के अर्धशतक की बदौलत टारगेट आसानी से हासिल कर लिया। उनके अलावा मैच में नेहाल वढेरा ने भी दमदार बल्लेबाजी की। 

इधर रूस-यूक्रेन के बीच तीन साल से जारी जंग के बीच रविवार को रूस में अब तक की सबसे भयंकर तबाही हुई। रविवार को यूक्रेन ने रूस पर सबसे बड़ा ड्रोन अटैक किया है। इस हमले में रूस के कम से कम 41 मिलिट्री एयरक्राफ्ट्स को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसी SBU ने इस हमले को अंजाम दिया है। इस हमले में FPV यानी फर्स्ट-पर्सन-व्यू ड्रोन्स का इस्तेमाल किया गया। इस हमले में जिन विमानों को निशाना बनाया गया, उनमें Tu-95 और Tu-22M3 जैसे बड़े बाहुबली बमवर्षक शामिल थे।

उधर देश में कोरोना के एक्टिव केसेज की संख्या बढ़कर 3783 हो गई है। केरल में सबसे ज्यादा 1400 मामले हैं। स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट के मुताबिक, 22 मई को देश में 257 केस थे। 9 दिन में कोरोना केस 14 गुना बढ़े हैं। 2 दिन में 21 कोरोना पेशेंट की मौत हुई है। महाराष्ट्र और केरल में सबसे ज्यादा 7-7 लोगों ने जान गंवाई।

इधर RJD से निकाले जाने के 6 दिन बाद तेजप्रताप यादव ने माता-पिता लालू और राबड़ी के नाम इमोशनल पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि मां-पापा आप और आपका आदेश भगवान से बढ़कर है। तेजप्रताप ने भाई तेजस्वी के लिए भी एक पोस्ट किया। जिसमें लिखा कि उन्हें अलग करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वालों, तुम कभी अपनी साजिशों में सफल नहीं हो सकोगे। कृष्ण की सेना तो तुम ले सकते हो, लेकिन खुद कृष्ण को नहीं। हर साजिश को जल्द बेनकाब करूंगा।

उधर पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश से स्थिति गंभीर होती जा रही है। दो दिन में 32 लोगों की मौत हो गई। असम में 16, अरुणाचल में 9, मिजोरम में 4 और मेघालय में 3 लोगों की जान गई। असम के 15 से अधिक जिलों में 78 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। त्रिपुरा में 1300 परिवार को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। वहीं, मणिपुर में बाढ़-लैंडस्लाइड के कारण 3,802 लोग प्रभावित हुए। 883 घर क्षतिग्रस्त हुए। दिल्ली-NCR में शनिवार दोपहर मौसम बदला। यहां 76KMPH की रफ्तार से तेज आंधी चली।

इधर क्रिकेटर रिंकू सिंह और जौनपुर के मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। दोनों की सगाई 8 जून को लखनऊ में होगी। शादी 18 नवंबर को वाराणसी के होटल ताज में होगी। यह जानकारी प्रिया के विधायक पिता तूफानी सरोज ने दी। रिंग सेरेमनी में दोनों परिवारों के करीबी मौजूद रहेंगे।

उधर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर मानवता के खिलाफ अपराध से जुड़े आरोपों में ट्रायल शुरू हो गया है। मामले की सुनवाई बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम ट्रिब्यूनल (ICT) में चल रही है। 12 मई को हसीना के खिलाफ जांच रिपोर्ट सौंपी गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, हसीना पर 5 जुलाई 2024 को हुए आंदोलन के दौरान 5 आरोप हैं। आंदोलन में 1500 लोग मारे गए थे। बांग्लादेश में 5 अगस्त, 2024 को हसीना सरकार का तख्तापलट हुआ था। इसके बाद बनी यूनुस सरकार ने हसीना पर हत्या, अपहरण से लेकर देशद्रोह के 225 से ज्यादा मामले दर्ज किए हैं। बांग्लादेश सरकार ने उनका पासपोर्ट भी रद्द कर दिया, उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया। हसीना तख्तापलट के बाद से भारत में रह रही हैं।

इधर कोलकाता इस्कॉन की जगन्नाथ रथ यात्रा में इस बार खास बदलाव हुआ है। 48 साल बाद रथ के पहिए बदले गए हैं। पहले रथ में बोइंग विमान के टायर लगे थे। पुराने बोइंग विमान के टायर मिलना मुश्किल था, इसलिए अब रूसी सुखोई फाइटर जेट के टायर लगाए जा रहे हैं। रथ यात्रा 27 जून से 5 जुलाई तक चलेगी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों की तरफ रुख करते हैं, चारधाम के पहले प्रमुख तीर्थ धाम यमुनोत्री में एक माह में करीब 3.29 लाख श्रद्धालुओं ने यमुना नदी तप्त कुंड में डुबकी लगाई और मां यमुना की पूजा अर्चना कर दर्शन किए। इन श्रद्धालुओं से यमुनोत्री मंदिर समिति को दान पात्र, रसीद बुक के माध्यम से करीब 23 लाख से ज्यादा की आय हुई है। मंदिर समिति के अध्यक्ष एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने कहा कि चारधाम यात्रा बेहतर और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। जिसके चलते श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ ही मंदिर समिति की आय में वृद्धि हो रही है।

इधर हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर बरहैनी में रविवार को एक कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में लोनिवि खंड रुद्रपुर में तैनात जेई खजान सिंह रावत की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जूनियर इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

उधर उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2025 की शुरुआत 30 अप्रैल से हुई है। चारधाम यात्रा में लगातार श्रद्धालु की भीड़ बढ़ती जा रही है। 1 जून रविवार को 66 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चारों धामों के दर्शन किए, जबकि 30 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अभी तक 19 लाख 23 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

इधर नैनीताल जिले के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत 31 मई की रात पत्थरों से कूचकर तरुण रावत की हत्या की गई थी। इस हत्याकांड का अब नैनीताल पुलिस ने खुलासा किया है। पूरे मामले में अवैध संबंध हत्या का कारण बना है। हत्या के मामले में पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

उधर नैनीताल के हल्द्वानी बल्यूटी ग्राम सभा के मोरा तोक में गुलदार घर से अंदर सो रही बुजुर्ग महिला को उठाकर ले गया। 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला घर का दरवाजा खोलकर सो रही थी। परिवार और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर गुलदार बुजुर्ग को घर से नीचे खेत में छोड़कर भाग गया। गंभीर हालत में बुजुर्ग को उपचार के लिए एसटीएच लाया गया। जहां रविवार उसने दम तोड़ दिया। वन विभाग ने घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है।