गुड़ मॉर्निंग इंडिया: अब बच्चे को जन्म के साथ ही मिलेगा आधार नंबर! फिर डराने लगा कोरोना, 11 राज्यों में पहुंचा ओमिक्रॉन? उत्तराखंड में 1332 केंद्रों पर होगी बोर्ड की परीक्षा
नमस्कार दोस्तो गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर आवाज 24x7 एक बार फिर आपके सामने प्रस्तुत है। आइये सबसे पहले आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज गृहमंत्री अमित शाह दोपहर एक बजे लखनऊ में 'सरकार बनाओ, अधिकार पाओ' रैली करेंगे। वहीं आज फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली भारत दौरे पर आएंगी। वे रणनीतिक और रक्षा संबंधों पर बात करेंगी। उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:30 बजे ऑल इंडिया मेयर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन करेंगे। इसकी थीम 'न्यू अर्बन इंडिया' है।वहीं पीएम मोदी यूपी के BJP के सांसदों से नाश्ते पर मुलाकात करेंगे। इस दौरान कुल 40 सांसद मौजूद रहेंगे।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं। आधार कार्ड बनाने वाली अथॉरिटी UIDAI जल्द ही अस्पतालों में नवजात शिशुओं को आधार कार्ड देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए अस्पतालों में जल्द ही एनरोलमेंट शुरू किए जाएंगे। यानी बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट आने से पहले आधार कार्ड मिल जाएगा। UIDAI के CEO सौरभ गर्ग ने बताया कि जन्म के समय ही बच्चे की फोटो क्लिक कर आधार कार्ड दे दिया जाएगा।
वहीं कोरोना एक बार डराने लगा है। देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 14 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। सबसे ज्यादा 5 मरीज कर्नाटक में, तेलंगाना और दिल्ली में 4-4 मरीज और गुजरात में एक संक्रमित पाया गया। देश में अब ओमिक्रॉन से संक्रमितों की संख्या 87 हो गई है। यह वैरिएंट अब तक 11 राज्यों में पहुंच चुका है, जहां देश की करीब 70 करोड़ आबादी रहती है।
उधर यूपी कि सियासत को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। यह ऐलान 45 मिनट की मुलाकात के बाद किया गया। यह मुलाकात शिवपाल के घर हुई। 2017 चुनाव से पहले अखिलेश और शिवपाल के बीच मनमुटाव हो गया था। इसके बाद दोनों में दूरियां बढ़ती चली गईं। करीब 6 साल बाद दोनों के बीच घर पर मुलाकात हुई है।
मौसम कि बात करें तो देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ने कि आशंका जतायी गयी है। अगले 5 दिन में देश के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में आ सकते हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तर भारत, सौराष्ट्र और कच्छ में कड़ाके की सर्दी पड़ने का अनुमान जताया है। विभाग ने अपने डेली बुलेटिन में कहा कि देश के कुछ हिस्सों में तापमान गिरना तय है। 17 से 21 दिसंबर तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, सौराष्ट्र और कच्छ में शीतलहर के हालात बन सकते हैं। 18 से 21 दिसंबर तक उत्तरी राजस्थान में और 19 से 21 दिसंबर तक पश्चिम उत्तर प्रदेश में यही स्थिति रहेगी।
वहीं उत्तराखंड कि खबरों कि बात करें तो उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा प्रदेश में 1332 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिनमें सबसे अधिक परीक्षा केंद्र पौड़ी जनपद में बनाए गए हैं। वहीं, चंपावत में सबसे कम परीक्षा केंद्र हैं। दसवीं में 1,29,700 व बारहवीं में 1,13,529 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सबसे ज्यादा परीक्षार्थी हरिद्वार और सबसे कम चंपावत में है।