नशे में धुत्त सिक्योरिटी गार्ड का हंगामा! भाजपा नेता पर किया हमला, गोली चलने से मचा हड़कंप

रुद्रपुर। रुद्रपुर में नशे में धुत प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड ने भाजपा कार्यकर्ता के सिर पर बंदूक की नाल से हमला कर दिया। इस दौरान आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर रोकने की कोशिश की। ट्रांजिट कैंप में देर रात शराब के नशे में एक सिक्योरिटी कंपनी के गार्ड ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान वह लोगों को लाइसेंसी बंदूक दिखाकर डराने लगा। बताया जा रहा है कि कुठ लोगों और गार्ड के बीच छीनाझपटी में बंदूक से गोली चल गई। नाल जमीन पर होने की वजह से कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गार्ड ने भाजपा कार्यकर्ता के सिर पर बंदूक की नाल से हमला कर घायल कर दिया। गुस्साए लोगों ने गार्ड को बुरी तरह से पीट दिया। दोनों को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां गार्ड की हालत गंभीर देखते हुए उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार वार्ड 02 की नारायण कालोनी में रहने वाले भाजपा कार्यकर्ता रामधारी गंगवार के घर के सामने नशे की हालत में सिक्योरिटी गार्ड हंगामा कर रहा था। उनके रोकने पर गार्ड ने उन पर बंदूक की नाल से हमला कर दिया। इस दौरान लोगों ने उसे पकड़ा तो बंदूक से गोली जमीन पर चल गई। लोगों ने गार्ड की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि गार्ड ने एक पुलिस कर्मी के हाथ पर दांत से भी काट दिया। पुलिस ने रामाधारी गंगवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।