देश बचाओ मोर्चा' का हुंकार: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का दिल्ली कूच,शंभू बॉर्डर सील,राजधानी में ट्रैफिक डायवर्जन

'Desh Bachao Morcha's' rallying cry: Farmers march to Delhi opposing the India-US trade deal; Shambhu border sealed, traffic diverted in the capital.

नई दिल्ली। भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर किसानों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर आ गया है। 'देश बचाओ मोर्चा' के आह्वान पर मंगलवार को पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों के किसान दिल्ली के 'किसान घाट' पर आयोजित विशाल महारैली और महापंचायत में शामिल होने के लिए निकल चुके हैं। किसानों के इस बड़े कदम को देखते हुए शंभू बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है और दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

किसान नेताओं का तर्क है कि भारत-अमेरिका व्यापार संधि लागू होने से देश के गेहूं, धान, डेयरी उत्पाद और सब्जी उत्पादक किसानों की आमदनी पर सीधा और घातक असर पड़ेगा। सस्ते आयात से स्थानीय मंडियों में फसलों के दाम गिरेंगे और छोटे व सीमांत किसानों की जमीनें कॉरपोरेट घरानों के हाथों में जाने का खतरा बढ़ जाएगा। किसान संघों की मुख्य मांग है कि इस समझौते को तुरंत रद्द किया जाए और फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाए। किसान संगठनों ने इसे 'आर-पार की लड़ाई' और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक संग्राम करार दिया है। आंदोलनकारी नेताओं का आरोप है कि प्रमुख किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी की गिरफ्तारी किसानों का हौसला तोड़ने के लिए की गई है। हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी और अन्य युवा संगठनों के आंदोलन की पृष्ठभूमि के बीच इस बड़े प्रदर्शन का कितना व्यापक प्रभाव पड़ेगा, यह आने वाला समय ही तय करेगा। पंजाब से किसानों के जत्थे आज शंभू बॉर्डर से होते हुए दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर (पंजाब-हरियाणा सीमा) पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे इलाके में बहुस्तरीय बैरिकेडिंग की गई है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और अनियंत्रित भीड़ को रोका जा सके। किसानों के दिल्ली मार्च और किसान घाट पर प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा व ट्रैफिक को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। सुबह 8:30 बजे से जरूरत के अनुसार यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन (डायवर्जन) लागू किए जा रहे हैं। सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड और राजघाट डीटीसी डिपो रोड के आसपास के क्षेत्रों में भारी ट्रैफिक की संभावना जताई गई है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता, विशेषकर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा समय से पहले प्लान करें और प्रभावित रास्तों से बचने का प्रयास करें। किसानों के दिल्ली कूच और शंभू बॉर्डर पर पुलिस की सख्त घेराबंदी के चलते दिल्ली और उसके पड़ोसी राज्यों की सीमाओं पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।