कोरोना की दस्तकः यहां कोविड-19 ने फिर बढ़ाई टेंशन! 20 दिनों में 12 संक्रमित, चार मरीजों की मौत! बनाया गया आइसोलेशन वार्ड

Corona's Return: COVID-19 Sparks Renewed Concern Here! 12 Infections and 4 Deaths in 20 Days; Isolation Ward Set Up.

अमरावती। आंध्र प्रदेश में एक बार फिर कोविड-19 के नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त जी. वीरपांडियन के अनुसार, 26 जून से 16 जुलाई 2026 के बीच राज्य में कोविड-19 के 12 नए मामले सामने आए हैं। इनमें चार संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी मृतक पहले से हाई ब्लड प्रेशर, मधुमेह और किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। स्वास्थ्य आयुक्त ने बताया कि मृतकों में तीन मरीज कडप्पा जिले और एक काकीनाडा जिले का निवासी था। वर्ष 2026 में राज्य का पहला कोविड मामला 26 जून को कडप्पा में दर्ज किया गया था। इसके बाद 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच 11 नए मामले सामने आए। इनमें दो लोग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने के कारण संक्रमित हुए। उन्होंने कहा कि सभी मामले अलग-अलग मंडलों से सामने आए हैं और फिलहाल किसी एक क्षेत्र में संक्रमण का क्लस्टर नहीं मिला है। 26 जून से 15 जुलाई के बीच राज्य में कुल 67 कोविड जांच की गईं, जिनमें 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बारहवां मामला तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान सामने आया। वर्तमान में तीन संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि दो का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, तीन मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। एहतियात के तौर पर कडप्पा के आरआईएमएस अस्पताल में विशेष कोविड वार्ड भी तैयार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने और आवश्यक सावधानियों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।