चारधाम यात्राः केदारनाथ धाम पहुंचे मुख्य सचिव! व्यवस्थाओं का लिया जायजा, परखीं तैयारियां

देहरादून। उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इस बीच मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन आज शनिवार को केदारनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों, यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस मौके पर मुख्य सचिव ने मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बने बेली ब्रिज का अवलोकन किया। साथ ही आस्था पथ पर बनाए गए रेन शेल्टरों का निरीक्षण कर वहां एलईडी साइनेज लगाने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को शौचालय, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी मिल सके।
मुख्य सचिव ने कहा कि कतार में खड़े यात्रियों को ठंड से राहत देने के लिए गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मंदिर परिसर से लेकर आस्था पथ तक स्वच्छता की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने गढ़वाल मंडल विकास निगम को निर्देश दिए कि सभी कॉटेजों की मरम्मत और सफाई कार्य समय से पूर्ण किया जाए।