सावधानः तेजी पैर पसार रहा डेंगू! हल्द्वानी एसटीएच में महिला की मौत, स्वास्थ्य महकमे में मचा हड़कंप

हल्द्वानी। मौसम में बदलाव के साथ ही डेंगू का खतरा भी बढ़ गया है। इस बीच डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। नैनीताल जिले की बात करें तो यहां डेंगू के चलते एक महिला की मौत हो गयी। बता दें कि डेंगू से मौत का ये पहला मामला है। जानकारी के मुताबिक डेंगू से पीड़ित महिला की मौत 7 अक्टूबर को हुई थी, लेकिन एलाइजा जांच रिपोर्ट 11 अक्टूबर को मिली, जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई है। फिलहाल महिला की डेंगू से मौत के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि काठगोदाम नई बस्ती निवासी 48 वर्षीय महिला को अक्टूबर की शुरुआत में बुखार आया था। उसका इलाज निजी अस्पताल में कराया गया। हालत बिगड़ने पर महिला को 5 अक्टूबर को गंभीर स्थिति में सुशीला तिवारी अस्पताल में वेंटिलेटर पर भर्ती कराया गया, लेकिन 7 अक्टूबर को महिला की मौत हो गई। मृतका की 28 वर्षीय बेटी एसटीएच में स्टाफ नर्स है। वह भी डेंगू पीड़ित है। गंभीर हालत में उसे भी एसटीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया गया। वहीं महिला के पति और उसके बेटे में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं, इसकी पुष्टि कार्ड टेस्ट से हुई है।