चलती कार में दो नाबालिग संग हैवानियत! बीयर-लॉन्ग ड्राइव और मौत

मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर छह मई की देर रात चलती कार में एक किशोरी के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। खुर्जा पहुंचने पर सात अप्रैल की सुबह करीब सात बजे आरोपियों ने पीड़िता को कार से उतार दिया। जिसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंच कर शिकायत की। बताया कि आरोपियों ने उसके साथ वारदात करने से पूर्व उसकी सहेली को मेरठ क्षेत्र में कार से फेंक दिया है। पुलिस ने इसकी जांच की तो सामने आया कि मेरठ में कार से फेंकी गई किशोरी की मौत हो गई है। खुर्जा पुलिस ने प्रकरण में आरोपी दो नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की। साथ ही शनिवार दोपहर को मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं।
मूलरूप से प्रतापगढ़ जनपद की रहनी वाली 17 वर्षीय किशोरी परिवार के साथ गौतमबुद्धनगर जनपद के सूरजपुर थाना क्षेत्र में रहती है। किशोरी ने सात मई को खुर्जा नगर थाना पहुंच कर बताया कि छह मई को अपनी सहेली के साथ नौकरी के संबंध में घर से निकली थी। तभी किशोरी का परिचित युवक अमित और उसका दोस्त संदीप वहां कार लेकर आ गए। उन्होंने दोनों किशोरियों को कार में बैठा लिया। कुछ दूरी पर अमित ने एक अज्ञात युवक को भी कार में बैठा लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने रास्ते से बीयर खरीदीं और जबरन उन दोनों को भी पिलाईं। इसके बाद आरोपी पैरिफेरल हाईवे पर रात डेढ़ बजे तक कार में लेकर घूमते रहे। पीड़िता ने जब घर जाने की बात कही तो आरोपी युवक उसके साथ अश्लील हरकत करने लगे। पीड़िता और उसकी सहेली ने इसका विरोध किया। इस पर आरोपियों ने दोनों किशोरियों के साथ मारपीट की और उसकी सहेली हाईवे से उतराकर सड़क किनारे कहीं फेंक दिया। इसके बाद आरोपियों ने मेरठ से खुर्जा के बीच बुलंदशहर हाईवे पर होते हुए पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। सात मई की सुबह करीब सात बजे पीड़िता को आरोपियों ने खुर्जा मंदिर मार्ग पुराने हाईवे पर कार से उतार दिया और खुद कार लेकर चले गए। जिसके बाद पीड़िता थाने का पता पूछते हुए पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने मामले में दो नामजद व एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। साथ ही पीड़िता के परिजनों को मामले की जानकारी दी। मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने पीड़िता को उसके परिजनों को सौंप दिया था।
पुलिस ने जांच के दौरान पीड़िता की सहेली के संबंध में मेरठ क्षेत्र में छानबीन की तो पता चला कि किशोरी का शव जानी थाना क्षेत्र में सात मई की सुबह सड़क किनारे पड़ा मिला था। जिसके बाद मेरठ पुलिस ने बुलंदशहर पुलिस की मदद से मृतका की शिनाख्त कर परिजनों को मामले की जानकारी दी। साथ ही शनिवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जिन्होंने मेरठ में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। जिसके बाद बुलंदशहर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो तीसरे आरोपी की शिनाख्त गौरव के रूप में हुई। शनिवार दोपहर को खुर्जा नगर पुलिस को सूचना मिली कि सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी बुलंदशहर की ओर से खुर्जा की ओर आने वाले हैं। जिस पर टीम ने एनएच-34 पर चेकिंक शुरू की, इस दौरान एक कार को चेकिंग के लिए रोका। लेकिन, आरोपी कार सवार पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। तभी अरनिया पुलिस ने कार सवार बदमाशों का पीछा किया। आरोपी बदमाशों ने हाइवे से कार को आम के बाग में ले गए, जहां कार के पहिए फंस गए। जिस पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें कार सवार दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों समेत उनके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों की शिनाख्त संदीप निवासी सूरजपुर ग्रेटर नोएडा और गौरव निवासी लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है। उनका साथी अमित निवासी सूरजपुर भी है। पूछताछ के बाद तीनों का चालान कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने जब आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सूरजपुर के पास से ही आठ बीयर की कैन खरीदी थीं। जिसके बाद वह दोनों किशोरियों को लॉन्ग ड्राइव की बात कहकर अपने साथ पैरिफेरल हाईवे पर ले गए थे। सभी ने साथ में बीयर पी थी, इसके बाद बागपत के पास सभी का खाना खाने का प्रोग्राम था। इस दौरान आरोपी युवकों का दोनों किशोरियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर आरोपियों ने उनकी पिटाई भी कर दी थी। बाद में खाना खाए बिना ही आरोपी मेरठ की ओर मुड़ गए और एक किशोरी को कार से फेंक दिया था।आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि किशोरी ने उनसे कहा था कि वह मूलरूप से प्रतापगढ़ की रहने वाली है। वह लखनऊ जाना चाहती है, वह उसे लखनऊ छोड़ दें। इसके बाद वह उसे लखनऊ छोड़ने के लिए जा रहे थे। लेकिन, रास्ते में ही आरोपियों ने चलती कार में पीड़िता के साथ वारदात को अंजाम दे डाला।