बॉर्डर 2 सिनेमाघरों में रिलीज! देशभक्ति के रंग में रंगी जंग की गाथा, क्रिटिक्स और दर्शकों से मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
देशभक्ति से लबरेज वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर यह फिल्म आज 23 जनवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 1997 में रिलीज हुई सुपरहिट और कल्ट क्लासिक ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और सोशल मीडिया पर भी देशभक्ति की भावना साफ झलक रही है।
‘बॉर्डर’ को सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि देश के सम्मान और भावनाओं से जुड़ा एक इमोशन माना जाता है। ऐसे में ‘बॉर्डर 2’ से उम्मीदें भी काफी ऊंची थीं। रिलीज के साथ ही फिल्म एनालिस्ट और दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं, जो फिल्म के पक्ष में जाती दिख रही हैं। सीनियर फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ‘बॉर्डर 2’ को एक शब्द में आउटस्टैंडिंग बताया है। उन्होंने फिल्म को 4.5 स्टार देते हुए लिखा कि यह फिल्म शक्ति, देशभक्ति और गर्व की भावना से भर देती है। तरण आदर्श के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ न सिर्फ देश बल्कि भारतीय सेना को भी सलाम करती है और यह बड़े पर्दे पर जरूर देखी जानी चाहिए। उन्होंने निर्देशक अनुराग सिंह की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने एक दमदार और भावनात्मक युद्ध गाथा पेश की है, जो भव्यता, ईमानदारी और आत्मा से भरपूर है और मूल ‘बॉर्डर’ की विरासत का सम्मान करती है। तरण आदर्श ने आगे कहा कि फिल्म मूल रूप से वीरता, बलिदान और भाईचारे की कहानी है, जिसे प्रभावशाली सिनेमाई अंदाज में पेश किया गया है। 1971 के भारत-पाक युद्ध की भावना को फिल्म बखूबी दर्शाती है। युद्ध के दृश्य बड़े पैमाने पर फिल्माए गए हैं, जिनमें विस्फोट, रणनीति, जमीनी और हवाई लड़ाई को यथार्थ और रोमांचक तरीके से दिखाया गया है। सबसे खास बात यह है कि एक्शन सिर्फ दिखावे का नहीं, बल्कि कहानी और सैनिकों की भावनाओं को मजबूती देता है। फिल्म क्रिटिक सुमित कडेल ने भी ‘बॉर्डर 2’ को एक शानदार फिल्म बताया है। उन्होंने इसे 1997 की ‘बॉर्डर’ को दी गई एक सशक्त श्रद्धांजलि करार दिया। उनके मुताबिक, सनी देओल फिल्म में एक बार फिर पूरे जोश के साथ नजर आते हैं, जबकि वरुण धवन ने अपने करियर की अब तक की सबसे दमदार परफॉर्मेंस दी है। दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी ने भी अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया है। गौरतलब है कि ‘बॉर्डर’ (1997) का निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था, जबकि ‘बॉर्डर 2’ को उनकी बेटी निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित है। इसमें सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी के साथ फीमेल लीड में मोना सिंह, सोनम बजवा, मेधा राणा और अन्या सिंह नजर आ रही हैं। कुल मिलाकर, ‘बॉर्डर 2’ देशभक्ति, जज्बे और बलिदान की एक प्रभावशाली सिनेमाई प्रस्तुति बनकर उभरी है।