बड़ी खबरः जस्टिस बीआर गवई होंगे देश के अगले मुख्य न्यायाधीश! 14 मई को लेंगे शपथ, छह माह का होगा कार्यकाल

नई दिल्ली। न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश बनने वाले हैं। खबरों की मानें तो वह आगामी 14 मई को मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। परंपरा के अनुसार वर्तमान सीजेआई संजीव खन्ना ने बुधवार को केंद्रीय कानून मंत्रालय से सुप्रीम कोर्ट के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश बीआर गवई को अगला सीजेआई नियुक्त करने की सिफारिश की थी। बता दें कि सीजेआई खन्ना 13 मई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। न्यायमूर्ति गवई के करियर के उल्लेखनीय फैसलों में जम्मू कश्मीर के अनुच्छेद 370 को हटाना और इसे दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित करना शामिल हैं। बता दें कि न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई मूल रूप से महाराष्ट्र के अमरावती जिले के रहने वाले हैं। खबरों के अनुसार 24 मई, 2019 को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किए गए जस्टिस गवई का सीजेआई के रूप में कार्यकाल छह महीने से अधिक होगा। वह 23 नवंबर, 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। कानून मंत्रालय ने पहले औपचारिक रूप से न्यायमूर्ति खन्ना से उनके उत्तराधिकारी का नाम बताने का अनुरोध किया था और नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की थी। बीआर गवई का जन्म 24 नवंबर 1960 को अमरावती में हुआ है। वे 16 मार्च 1985 को बार में शामिल हुए। न्यायमूर्ति गवई ने 14 नवंबर, 2003 को बॉम्बे उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में अपना न्यायिक करियर शुरू किया। वह 12 नवंबर, 2005 को स्थायी न्यायाधीश बने। उन्होंने मुंबई, नागपुर, औरंगाबाद और पणजी में पीठों की अध्यक्षता करते हुए 15 वर्षों से अधिक समय तक सेवा की है।