बड़ी खबरः पहलगाम हमले के बाद दिल्ली-मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट! पर्यटन स्थलों पर रखी जा रही पैनी नजर, उत्तराखण्ड में भी बढ़ाई गई चौकसी

Big news: After Pahalgam attack, Delhi-Mumbai and UP are on high alert! Tourist places are being closely monitored, vigilance has also been increased in Uttarakhand

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में अलर्ट देखने को मिल रहा है। उत्तराखण्ड, यूपी, दिल्ली और मुंबई समेत कई जगहों पर पुलिस महकमा अलर्ट पर नजर आ रहा है। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है और महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखण्ड की बात करें तो यहां राजधानी देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर समेत विभिन्न जगहों पर पुलिस प्रशासन ने देर रात चेकिंग अभियान चलाया। इस बीच पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख पर्यटन केंद्रों और सीमा चौकियों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश पुलिस को विशेष रूप से धार्मिक स्थलों पर सतर्क रहने के लिए कहा गया है। दिल्ली पुलिस को पर्यटन स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली पुलिस सूत्र ने इस संबंध में जानकारी दी है। उधर मुंबई में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जयपुर और अमृतसर में भी पुलिस अलर्ट मोड पर है। यूपी पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों और जिलाधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने का आदेश जारी किया है। अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। डीजीपी ने सभी जिलों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले में मरने वाले लोगों में यूपी, महाराष्ट्र, बंगाल, कर्नाटक, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा के लोग शामिल हैं। आतंकियों ने इस हमले में केवल उन लोगों को टारगेट किया जो अपने परिवार के साथ घूमने गए थे यहां तक कि आतंकियों ने लोगों के नाम पूछ-पूछकर गोली मारी।