Big Breaking: संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान बवाल! उग्र भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव, पुलिस सुरक्षा में बाहर लाए गए वकील विष्णु शंकर जैन

संभल। संभल की ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद का आज रविवार को दूसरे चरण का सर्वे शुरू किया गया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे हालात बिगड़ गए। देखते ही देखते इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ा। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और धारा 144 लागू कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। हांलाकि करीब ढाई घंटे तक मस्जिद के अंदर सर्वे करने के बाद पुलिस ने भारी सुरक्षा में दूसरे रास्ते से सर्वे टीम को वहां से बाहर निकाला। सर्वे करने पहुंची टीम में वकील विष्णु शंकर जैन भी शामिल थे।
दरअसल अब पूरे मामले पर गौर करें तो सुबह 6 बजे डीएम-एसपी के साथ एक टीम मस्जिद का सर्वे करने के लिए पहुंची थी और सुबह-सुबह टीम को देखकर लोग भड़क गए। कुछ देर बाद काफी बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के बाहर इकट्ठा हो गए। भीड़ मस्जिद के अंदर जाने की कोशिश करने लगी तो पुलिस ने सभी को रोकने की पूरी कोशिश की। जब पुलिस ने ऐसा किया तो कुछ लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा। इतना ही नहीं लोगों को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले भी दागे गए। साढ़े सात बजे से लेकर दस बजे तक चले इस सर्वे के बाद एडवोकेट कमिश्नर का सर्वे पूरा हो गया। पूरे सर्वे की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई है। अब इस मामले के प्रमुख वकील विष्णु शंकर जैन की अगुवाई में एडवोकेट कमिश्नर 29 नवबंर को अपनी रिपोर्ट देंगे। इस रिपोर्ट में बताया जाएगा कि सर्वे के दौरान वहां क्या-क्या मिला।