अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने की 'स्पेसवॉक'! जानें कब लौटेंगी धरती पर

नई दिल्ली। भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स पिछले सात महीने से अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर फंसी हुई हैं और वह मार्च के अंत या अप्रैल महीने की शुरुआत में धरती पर लौट सकती हैं। इस बीच सुनीता विलियम्स ने गुरुवार को स्पेसवॉक की। इस दौरान वह दूसरे अंतरिक्ष यात्री निक हेग के साथ बाहर निकलीं और मरम्मत से जुड़े कुछ जरूरी काम किए। स्टेशन कमांडर सुनीता विलियम्स पिछले साल जून के महीने में बुच विल्मोर के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पहुंची थीं। इन दोनों को एक सप्ताह के बाद वापस लौटना था। दोनों बोइंग के नए स्टारलाइनर कैप्सूल के टेस्ट के लिए गए थे, लेकिन इसमें खराबी आने के बाद दोनों अंतरिक्ष यात्री स्पेस स्टेशन पर ही रुक गए और काली कैप्सूल वापस लाया गया। इसके बाद से दोनों वहीं फंसे हुए हैं। सुनीता और विल्मोर को वापस लाने के लिए जो कैप्सूल भेजा जाना था, उसमें भी देरी की गई। इस वजह से दोनों इस साल मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत में ही घर लौट पाएंगे। इसका मतलब है कि दोनों अंतरिक्ष यात्रियों लगभग 10 महीने तक स्पेस स्टेशन में रहेंगे। इन दोनों को वापस लाने के लिए ‘ड्रैगन’ नाम का कैप्सूल भेजा गया है। इसे पिछले साल सितंबर में भेजा गया था। इस कैप्सूल के साथ नासा के निक हेग और रूसी अंतरिक्ष एजेंसी के एलेक्जेंडर गोर्बूनोव को भी भेजा गया है। ये दोनों भी अभी स्पेस स्टेशन में हैं। ड्रैगन में चार अंतरिक्ष यात्रियों के लिए जगह है और यह चारों यात्रियों को लेकर मार्च या अप्रैल में वापस आ सकता है।