दुराचार के आरोप में एक्शन! मुकदमे के बाद बीजेपी ने पार्षद को दिखाया पार्टी से बाहर का रास्ता, तथाकथित पत्नी पर भी लटकी गिरफ्तारी की तलवार

जनपद ऊधम सिंह नगर में भारतीय जनता पार्टी ने अपने पार्षद के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। जिलाध्यक्ष ने दुराचार के प्रयास के आरोप और पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने के बाद रुद्रपुर निगम के भाजपा पार्षद को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वहीं पार्षद और उनके तथाकथित धर्म पत्नी पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। उधर विपक्ष भी लगातार आरोपी पार्षद की गिरफ्तारी की मांग पुरजोर तरीके से उठा रही है।
आपको बता दें कि रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 8 के भाजपा पार्षद शिवकुमार गंगवार पर होली के दिन ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रहने वाली एक महिला और नाबालिग युवती के साथ अश्लील हरकतें करने का गंभीर आरोप लगा था। मामले की जांच एसपी क्राइम निहारिका तोमर के नेतृत्व में की गई, जिनकी प्रारंभिक जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर शिवकुमार गंगवार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि मुक़दमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। वहीं इस पूरे प्रकरण को लेकर राजनितिक पार्टियों के साथ समाज में भारी आक्रोश व्याप्त था और भाजपा की चुप्पी पर भी सवाल खड़े हो रहे थे। लेकिन अब भाजपा ने मामले का संज्ञान लेते हुए कड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने वार्ड नंबर 8 के पार्षद शिवकुमार गंगवार को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। ऊधम सिंह नगर के भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने नोटिस जारी कर यह कार्रवाई की, जिससे साफ हो गया कि पार्टी ऐसे मामलों में कोई ढील नहीं देना चाहती। भाजपा द्वारा की गई इस कार्रवाई को समाज में सकारात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। आम जनता और स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे सफेदपोश लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाना जरूरी है, ताकि कानून का भय बना रहे और न्याय की उम्मीद कायम रहे।