विधानसभा सत्र दूसरा दिन

उत्तराखंड विधानसभा मौजूदा सत्र का दूसरा दिन आज हंगामेदार रहने के आसार हैं| कार्यमंत्रणा समिति द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार आज दो संशोधन विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें उत्तराखंड पंचायती राज संशोधन विधेयक 2019 और उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2018 पर विचार किया जाना है| सत्र के पहले दिन दिवंगत कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत को श्रद्धांजलि दी गई| तो वहीं आज दूसरे दिन विपक्ष जहां कानून व्यवस्था को लेकर सदन में सरकार को घेर सकता है। वहीं 108 सेवा के पूर्व कर्मचारियों,अटल आयुष्मान योजना में हो रहे फर्जीवाड़े जैसे मुद्दे भी सदन गर्मा सकते हैं| सदन के भीतर जहां विपक्ष सरकार को घेरते हुए नजर आएगा तो वहीं सदन के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कई संगठन  विधानसभा कूचकर सरकार को घेरने का काम करेंगे| 108 की पूर्व कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आज विधानसभा कूच करेंगे जिन्हें कुछ विधायकों का साथ भी मिल सकता है| तो वही उच्चीकृत जूनियर विद्यालय के माध्यमिक में विलय के फैसले के खिलाफ प्रदेश भर के जूनियर हाई स्कूल शिक्षक आज महारैली निकालकर विधानसभा कूच करेंगे| ये, शिक्षक एकीकरण के आदेश को निरस्त करने, केंद्रीय विद्यालयों के समान शिक्षकों को त्रिस्तरीय कैडर लागू करने, और शिक्षा निदेशालय के एकीकरण की मांग कर रहे हैं| प्रोत्साहन राशि पर रोक व न्यूनतम वेतन नहीं मिलने तथा सरकार द्वारा अपनी मांगों को नजरअंदाज करने से नाराज आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने भी आज विधानसभा कूच का ऐलान किया है| विधेयकों व सवालों को देखते हुए मौजूदा सत्र की अवधि का बढ़ना भी तय माना जा रहा है। विपक्ष ने पहले ही सत्र की अवधि को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।