जन्माष्टमी की धूम

द्रोणनगरी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम देखी जा रही है, रंग बिरंगी लाइट्स से मंदिरों को सजाया गया है।आज दिनभर मंदिरों में कृष्ण भक्तों की भीड़ जुटी रही तो बाजारों में भी खूब रौनक रही। दून के मंदिरों में कृष्ण के भजनों पर श्रद्धालु झूमते हुए नजर आ रहे हैं। देहरादून स्थित पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भी शिरकत की।राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र तथा गीता के महान सिद्धान्तों को मानव जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित करता है। वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि यह पावन पर्व हमें भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं का स्मरण करने और सार्वभौमिक भाईचारे तथा शांति की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल व पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी भी उपस्थित थे।