क्या उत्तराखंड में होने जा रहा है नेतृत्व परिवर्तन ?

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री आज ऊधमसिंह नगर दौरे पर रहे जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, वहीं कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाकर उनका विरोध भी किया। जहां मुख्यमंत्री आज ऊधमसिंह नगर दौरे पर थे तो वहीं कल मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा है।वहीं राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री के आज के कार्यक्रमों से अधिक उनके कल के दिल्ली दौरे की चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक गलियारों में प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं जोरों पर हैं और ये चर्चाएं मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को शीर्ष नेतृत्व द्वारा दिल्ली तलब बता रहे हैं। हर कहीं मुख्यमंत्री बदले जाने की बात चल रही है, सोशल मीडिया पर तो कुछ लोग सतपाल महाराज को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बताने लगे हैं। पूरे प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं का बाजार गर्म है। राजधानी देहरादून हो या जिला मुख्यालय हर कहीं मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाएं हो रही हैं।
वहीं आज देहरादून में इन चर्चाओं से निकले सवाल का मीडिया के माध्यम से कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का सामना हुआ तो, मदन कौशिक ने मीडिया पर ही सवाल दाग दिया। उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि आप से किसने कह दिया कि मुख्यमंत्री बदलने जा रहे हैं ? आपसे पता नहीं कौंन आकर कह देता है। मदन कौशिक ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है, सरकार बेहतर काम कर रही है और आगे भी अच्छा काम करती रहेगी। मदन कौशिक ने भले ही नेतृत्व परिवर्तन से इंकार किया हो, लेकिन राजनीतिक गलियारों के साथ ही अब प्रशासनिक कार्यालयों में भी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं जोरों पर हैं।