उत्तराखण्डः महिला ने ब्लॉक कर्मी पर लगाया दुष्कर्म का आरोप! पुलिस ने किया गिरफ्तार

चंपावत। चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक कार्यालय में कार्यरत संविदा कर्मी पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के गंभीर आरोप लगाते हुए लोहाघाट थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। लोहाघाट थाने के एसएचओ अशोक कुमार ने बताया महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर पिंकी धामी द्वारा की जा रही है।तहरीर में महिला ने बताया कि वह वर्ष 2022 में बाराकोट ब्लॉक कार्यालय के पास कैंटीन चलाती थी, आरोपी ने उसे अपने झांसे में लेकर शादी का झांसा देते हुए संबंध बनाए तथा कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। यहां तक की उसका गर्भपात भी करवाया। उसके बाद आरोपी शादी से मुकर गया। मालूम हो महिला के दो बच्चे हैं और उसका अपने पति से तलाक हो चुका है। वहीं आरोपी भी शादीशुदा है उसके भी दो बच्चे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।