उत्तराखण्डः प्रदेश को मिले 126 ग्राम पंचायत विकास अधिकारी! सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- गांवों के विकास में निभायेंगे अहम भूमिका

देहरादून। उत्तराखण्ड को आज 126 ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मिल गए हैं। इस दौरान सीएम आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नव चयनित ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए। पत्र देने के बाद सीएम धामी ने सभी से कहा कि अभ्यर्थी लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई ग्राम पंचायत के अभिन्न अंग बनकर गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करेंगे। राज्य के समग्र विकास के लिए गांवों का विकास जरूरी है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वहीं इस मौके पर पंचायतीराज मंत्री सतपाल महाराज ने सभी नव चयनित ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार द्वारा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतों में कम्प्यूटरीकरण का कार्य किया जा रहा है। आगामी दो वर्षों में सभी पंचायतों में कंप्यूटर स्थापित किए जाएंगे।