उत्तराखण्डः सनसनीखेज! विद्यालय परिसर के पास जली अवस्था में मिला शिक्षक का शव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Uttarakhand: Sensational! Teacher's body found burnt near school premises, panic in police department

चमोली। चमोली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां गैरसैंण विकासखंड के कुनिगाड़ क्षेत्र में एक शिक्षक का शव जली हुई हालत में मिला है। शिक्षक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला राजकीय इंटर कॉलेज कुनिगाड़ का है। यहां स्कूल परिसर में शिक्षक का जला हुआ शव मिला है। पास ही में एक डीजल का केन भी बरामद हुआ है। जानकारी के मुताबिक टीचर राजकीय इंटर कॉलेज कुनिगाड़ में तैनात थे और वह अंग्रेजी के प्रवक्ता थे। टीचर की पहचान 48 वर्षीय कनक लिंगवल के रूप में हुई है। कनक लिंगवल टिहरी जनपद के ही रहने वाले थे। खबरों के मुताबिक आज सुबह जब कुछ बच्चे दौड़ लगाने व अन्य खेल गतिविधियों के लिए स्कूल परिसर पहुंचे तो उन्होंने उक्त शिक्षक के जले हुए शव को देखा। आनन-फानन में इसकी सूचना ग्रामीणों को दी गयी। जिसके बाद ग्रामीणों ने थाना गैरसैंण को सूचित किया। थाना अध्यक्ष गैरसैंण जयपाल सिंह नेगी ने कहा कि एक व्यक्ति के शव के विद्यालय में मिलने की सूचना आज सुबह 8 बजे के लगभग थाना गैरसैंण को प्राप्त हुई। जिसके बाद थाना गैरसैंण व चौकी मेहलचोरी पुलिस घटना स्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर देखा कि एक व्यक्ति का शव विद्यालय पड़ा हुआ था। शव की कुछ दूरी पर एक डीजल केन पड़ा हुआ था। जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह व्यक्ति इसी विद्यालय में अंग्रेजी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत था।