उत्तराखण्डः कई न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी! नैनीताल से लेकर उत्तरकाशी तक मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड में आज सोमवार को कई न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबरों से पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सुबह नैनीताल में धमकी की बात सामने आई, इसके बाद उत्तरकाशी, रामनगर और हल्द्वानी न्यायालय में बम होने की सूचना मिली, जिससे सभी जगह अफरा-तफरी मच गयी। फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार ऑल इंडिया जजेस संगठन को ई-मेल भेजा गया था, जिसमें नैनीताल जिला न्यायालय को निशाना बनाते हुए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ई-मेल मिलने के बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं इस मामले पर नैनीताल एसपी डॉ जगदीश चंद्र ने बताया कि ईमेल के माध्यम से नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय में बम होने की सूचना मिली थी। इसके बाद कोर्ट में पुलिस तैनात की गई है। साथ ही बाम निरोधक दस्ता समेत अन्य एजेंसी के द्वारा कोर्ट में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सूचना की बाद से जिला न्यायालय के अधिकांश हिस्से को चेक किया गया है। किसी प्रकार की कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। नैनीताल और उत्तरकाशी जिला सत्र न्यायालय के अलावा रामनगर न्यायालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरे मेल में जजों के चैंबर में आरडीएक्स लगाए जाने का दावा किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली कराया गया। ईमेल में दावा किया गया कि जजों के चैंबर में 12 आरडीएक्स बम और आईडी (इम्प्रोवाइज्ड डिवाइस) लगाए गए हैं। साथ ही तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण को रोके जाने की मांग भी की गई। मेल में स्पष्ट तौर पर कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर समेत जिले की सभी अदालतों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। रामनगर के साथ हल्द्वानी कोर्ट को भी बम होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद कोर्ट कैंपस में चल रही सभी गतिविधियों को रोक दिया गया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे परिसर में सघन सर्च अभियान चलाया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।