उत्तराखंड बार काउंसिल चुनाव: 17 फरवरी को मतदान, 20 से होगी मतगणना!निष्पक्ष मतदान के लिए सख्त दिशा-निर्देश, मोबाइल प्रतिबंधित
उत्तराखंड बार काउंसिल के 23 सदस्यीय चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी 17 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान के लिए राज्य के सभी जिला एवं सिविल न्यायालयों की बार एसोसिएशनों को मतदान केंद्र घोषित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शासन ने विभिन्न स्थानों पर तैनात एसडीएम और तहसीलदारों को मुख्य मतदान अधिकारी के रूप में नियुक्त करने की स्वीकृति प्रदान की है।

बार काउंसिल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं पूर्व न्यायाधीश रामावतार सिंह द्वारा जारी सूचना के अनुसार, मतदान प्रक्रिया के सुचारु संचालन हेतु संबंधित जिलों के जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान अधिकारियों की नियुक्ति करेंगे। चुनाव से पूर्व मतदाता सूची और आवश्यक चुनाव सामग्री सभी जिला मुख्यालयों को प्रेषित कर दी गई है। मतदान संपन्न होते ही सभी सीलबंद मतपत्र और महत्वपूर्ण दस्तावेज विशेष वाहनों के माध्यम से नैनीताल क्लब भेजे जाएंगे, जहां 20 फरवरी 2026 से मतगणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक 200 अधिवक्ताओं पर एक पृथक मतदान केंद्र तथा कम से कम एक मतदान कक्ष (वोटिंग कम्पार्टमेंट) अनिवार्य किया गया है। सुरक्षा और अनुशासन के मद्देनज़र मतदान केंद्र के 50 गज के दायरे में किसी भी प्रकार के चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः निषिद्ध होगा।
चुनाव समाप्ति के पश्चात मतपत्रों को सुरक्षित बैगों में सीलबंद कर कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों की निगरानी में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, नैनीताल को भेजा जाएगा। उल्लेखनीय है कि 23 पदों के लिए कुल 104 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जबकि करीब 14,500 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।