तो क्या नैनीताल आ रहे पर्यटकों को गलत रास्ता दिखा रहा गूगल मैप? उठ रहे सवाल, कैसे निकलेगा समाधान?

 So is Google Map showing the wrong route to tourists coming to Nainital? Questions are arising, how will the solution be found?

नैनीताल। यूं तो आज के दौर मंे कहीं भी आने-जाने के लिए लोग गूगल मैप का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कभी-कभी गूगल मैप न केवल लोगों को गलत दिशा में पहुंचाता है, बल्कि कई बार इसके इस्तेमाल से लोग परेशानी में भी पड़ जाते हैं। कुछ ऐसा ही इन दिनों नैनीताल आ रहे पर्यटकों के साथ हो रहा है। खबरों की मानें तो कई पर्यटक गूगल मैप के चक्कर में इधर-उधर भटक रहे हैं। 
खबरों के अनुसार गूगल मैप पर नैनीताल के कैंचीधाम और भीमताल के रास्ते बंद दिखाए जा रहे हैं, जिसके चलते न केवल पर्यटकों को परेशानी हो रही है, बल्कि व्यापारियों को भी खासा नुकसान पहुंच रहा है। वास्तविकता में ये रास्ते सामान्य रूप से खुले हैं, लेकिन तकनीकी खामी या गलत सूचना के कारण पर्यटक अनजान रास्तों में भटकने के लिए मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस तरफ ध्यान देना चाहिए और गूगल मैप में सही रास्तों को दर्शाए जाने का इंतजाम करना चाहिए। गौरतलब है कि पर्यटन सीजन लगभग शुरू हो चुका है और देश-विदेश के पर्यटक भारी संख्या में नैनीताल और इसके आसपास के क्षेत्रों में घूमने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में गूगल मैप की खामियां पर्यटकों के साथ ही कारोबारियों को भी नुकसान पहुंचा रहा है।