नैनीताल:सरिता आर्या ने गरमपानी में जबरन धर्म परिवर्तन और मानसिक उत्पीड़न पीड़िता से की मुलाकात कर बोलीं - अनुसूचित वर्ग की महिलाओं को बनाया जा रहा निशाना,उच्च स्तरीय जांच की रखी मांग
गरमपानी क्षेत्र में सामने आए कथित जबरन धर्म परिवर्तन और उत्पीड़न के मामले में मंगलवार को विधायक सरिता आर्या ने पीड़ित महिला के आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और घटना की विस्तृत जानकारी ली।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि सोहेल नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर बिजनौर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। पीड़िता का कहना है कि उसे जबरन मांस खिलाया गया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे धमकाया गया और लगातार प्रताड़ित किया गया। पीड़िता ने इस घटना की जानकारी पुलिस और अपने परिजनों को दी।
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक सरिता आर्या ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और अनुसूचित वर्ग से जुड़ी महिलाओं को निशाना बनाए जाने के आरोप अत्यंत गंभीर हैं और ऐसे मामलों की निष्पक्ष तथा उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से पूरे प्रकरण की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
विधायक ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है और इस संबंध में हर स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट भी उनके साथ मौजूद रहे।